यूके में भी हिमाचली संस्कृति की धमक

By: Mar 3rd, 2021 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर

यूनाइटेड किंगडम (इंग्लैंड) में इंटरनेशनल मदर लैंग्वेज-डे के उपलक्ष्य पर काव्यांजली नाम से अंतरराष्ट्रीय कवि एवं संगीत सम्मलेन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लंदन के चैरिटी संगठन, संस्कृति सेंटर फॉर कल्चरल एक्सिलेंस द्वारा आयोजित किया गया। इस सम्मलेन में 27 भाषाओं के बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। इस मौके पर संस्था की फाउंडर और प्रसिद्ध नृत्यांगना डा. रागासुधा विंजामुरि भी मौजूद रहीं। बता दें कि डा. रागासुधा का विदेशों में भारतीय संस्कृति के उत्थान में प्रशंसनीय योगदान रहा है और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी मान-सम्मान पा चुकी हैं। डा. रागासुधा विंजामुरि की शुरू से ही हिमाचल भाषा में रुचि रही है। वह हिमाचल संस्कृति के प्रचार के लिए कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम में कई राजनीतिज्ञ, डिप्लोमेट, मशहूर साहित्यकार, सुप्रसिद्ध संगीतकार तथा समाजसेवियों ने भाग लिया।

 कार्यक्रम में हिमाचल का प्रतिनिधित्व डा. विपिन नड्डा ने किया। डा. नड्डा जिला बिलासपुर की तहसील घुमारवीं के कोट गांव से ताल्लुक रखते हैं। उनके नाम लंदन में काफी उपलब्धियां हैं। भारत से मार्केटिंग, यूके से इनोवेशन और टूरिज्म मैनेजमेंट में पीएचडी करने के बाद डा. विपिन नड्डा यूनिवर्सिटी ऑफ संडरलैंड में एमएससी (प्रोग्राम लीडर) क्षेत्र में पिछले सात साल से पढ़ा रहे हैं। उन्होंने पांच किताबें, तीस अंतरराष्ट्रीय रिसर्च आर्टिकल और कई कॉन्फ्रेंस आयोजित किए हैं। वह अंतरराष्ट्रीय जर्नल ऑफ एंटरपेन्योरशिप मैनेजमेंट, इनोवेशन और डिवेलपमेंट के चीफ एडिटर हैं। इंटरनेशनल एजुकेशन और टूरिज्म कंसल्टेंट रहते हुए उनके माध्यम से कई प्रदेशों को इंटरनेशनल क्वालिफिकेशन और टूरिज्म मार्केटिंग की तरफ एक नई दिशा मिली है।

ये गणमान्य बने समारोह का हिस्सा

इस कवि सम्मेलन में कई दिग्गज साहित्यकारों और संगीतकारों ने भाग लिया। इनमें हिमाचल से डा. विपिन नड्डा, लद्दाख से रिंचेन वॉशर, पंजाब से अमरेंदर बॉबी, नेपाल से आचार्य दुर्गा प्रसाद पोखरेल, मालदीप से कवियत्री इश्तार जिक्र, हिमाचल के डा. विपिन नड्डा और महाराष्ट्र से सुशील रपटवर मौजूद रहे। सुप्रसिद्ध कवि, इंटरप्रेन्योर, मोटिवेशनल स्पीकर शरद कुमार झा ने सीता मां के जन्मस्थान, मिथिला संस्कृति की सुंदरता और लिपि में अपनी कविता पेश की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App