नगर निगम की इनकम बढ़ाएंगे

By: Mar 8th, 2021 12:18 am

सौरभ शर्मा-सोलन
नगर निगम सोलन को अपना पहला पूर्णकालिक आयुक्त शुक्रवार को मिल गया। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में बतौर एसडीएम पद पर तैनात एलआर वर्मा ने नगर निगम सोलन के आयुक्त का कार्यभार विधिवत रूप से शुक्रवार को ग्र्रहण कर लिया। इनसे पूर्व नौणी विवि के रजिस्ट्रार प्रशांत सरकेक निगम आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। पदभार ग्रहण करते ही वर्मा ने अपने चिर-परिचित अंदाज में निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यप्रणाली को समझने की कोशिश की। ‘दिव्य हिमाचलÓ से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि निगम का सीधा संपर्क आम जनता से रहता है। इसलिए आम जनता के कार्यों व समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करना प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रमुखता में रहेगा। वर्मा ने कहा कि सोलन के नगर निगम बनने के बाद स्वाभाविक है कि चुनौतियां भी बढ़ी हैं।

सोलन पहले से ही तेजी से विकसित हो रहा शहर है और निगम बनने के बाद आसपास की पंचायतों का कुछ भाग शामिल होने से न केवल क्षेत्रफल में वृद्धि हुई है बल्कि जनसंख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। शहर में मुख्यत: डोर-टू-डोर कलेक्शन की समस्या के समाधान के लिए क्या प्रयास होंगे, इस प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पहले हमें स्वयं को और आम जनता को सूखा कचरा व गीला कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना होगा। उसके बाद ही हम कचरा प्रबंधन को सफल बना सकते हैं। नगर निगम बनने के बाद नया एक्ट लागू हुआ है और नए एक्ट के तहत नए तरीके कार्य करना होगा। इसके लिए सर्वप्रथम कर्मचारियों को और जन प्रतिनिधियों को एक्ट के अनुसार ढलना होगा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर आय के स्रोतों को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। (एचडीएम)

सोलन के अनुभव का मिलेगा फायदा
नगर निगम के आयुक्त नियुक्त किए गए एलआर वर्मा को सोलन जिला मुख्यालय में कार्य करने के अनुभव का फायदा भी मिलेगा। वे तहसीलदार सोलन, जिला राजस्व अधिकारी सोलन सहित अन्य पदों पर कार्यरत रह चुके हैं और शहर को काफी अच्छी तरह से जानते व पहचानते हैं। उन्हें यहां की समस्याओं की भी भलीभांति पहचान है। उनके इसी अनुभव का फायदा उनके आयुक्त बनने के बाद उनकी कार्यप्रणाली में भी अवश्य देखने को मिलेगा। आम जनता की समस्याओं के समाधान भी जल्द होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App