कोरोना काल में बेहतर काम करने पर मिलेगा सम्मान

By: Mar 3rd, 2021 12:13 am

महिला दिवस पर नारियों को सम्मानित करेगा प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग करेगा पुरस्कार को सिलेक्शन

स्टाफ रिपोर्टर—हमीरपुर
कोरोना काल में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने सहित अन्य फील्ड में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। ऐसी महिलाओं की सूची बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने फील्ड स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है।  इन महिलाओं की सूची तैयार की जा रही है, ताकि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में इन्हें सम्मानित किया जा सके। आठ मार्च 2021 को हमीरपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें आंगनबाड़ी वर्कर सहित अन्य विभाग में कार्यरत महिलाएं भी शामिल रहेंगी।

इस दौरान किसी भी क्षेत्र में अपली अलग पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। कोरोना काल में भी कई महिला कर्मचारियों ने अपनी बेहतर भूमिका निभाई है। इसके चलते इन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। जाहिर है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग ऐसी महिलाओं को सम्मानित करता है जिन्होंने अपने काम से अपनी एक अलग पहचान बनाई हो। महिलाओं को सम्मानित करने का मूल उद्देश्य यही रहता है कि महिलाएं समाज में अपनी भूमिका को कम न आंके। समाज में पुरूषों के समान ही महिलाओं की भागीदारी रहती है। आज किसी भी फील्ड में महिलाएं पुरूषों से कम नहीं है। चाहे बात सरकारी विभागों की हो या फिर प्राइवेट सेक्टर की। महिलाओं ने अपनी काबिलियत का लोहा हर जगह मनवाया है। महिलाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर ऐसी महिलाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है, जिन्होंने किसी भी फील्ड में समाज हित में बेहतर काम किया हो। ऐसी महिलाओं की सूची तैयार करने के लिए विभाग ने फील्ड स्तर पर काम शुरू कर दिया है। जल्द ही सूची तैयार कर ली जाएगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त हमीरपुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। इसके साथ ही अन्य विभागों से भी महिलाएं शामिल रहेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य को भी कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं से अन्य को भी प्रेरणा मिले।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App