शाणी से चंथवा सड़क पर खर्च होंगे पांच लाख

स्टाफ रिपोर्टर-आनी
आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने आनी उपमंडल की पलेही पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों का बखान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हर विपरीत परिस्थितियों से निपटने में जुटी है। वहीं विधायक किशोरी लाल सागर ने कार्यक्रम के दौरान पलेही पंचायत की नवनिर्वाचित प्रधान सुषमा मेहता की मांग पर पलेही पंचायत में विभिन्न विकासात्मक कार्यों को शुरू करने और पूरा करने के लिए लाखों की घोषणाएं भी की।

विधायक किशोरी लाल सागर ने शाणी गांव स्थित दुर्गा माता शाणी के मंदिर के सराय भवन के लिए दो लाख रुपए, शाणी में खेल मैदान की चारदीवारी के लिए दो लाख, दुर्गा माता शाणी के मंदिर की चारदीवारी के लिए दो लाख रुपए, शाणी स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में एक कमरे के निर्माण के लिए तीन लाख रुपए, शाणी से चंथवा सड़क के लिए पांच लाख रुपए, थलीन सड़क को पक्का करने के लिए पांच लाख रुपए, तांदी से कुटल सड़क के निर्माण के लिए 50 हजार रुपए, टोकन मनी, पंचायत के सभी महिला मंडल भवनों के लिए एक-एक लाख रुपए मुख्य सड़क रेहची से निचली रेहची के लिए सड़क के लिए एक लाख रुपए, टोकन मनी, घोरला में पटवार घर की मरम्मत के लिए पांच लाख रुपए, रेहची में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए दो लाख रुपए और तांदी मंदिर मैदान निर्माण के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान विधायक किशोरी लाल सागर के अलावा एपीएमसी कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति के चैयरमैन अमर ठाकुर, आनी भाजपा के मंडलाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, विकास खंड निरमंड पंचायत समिति अध्यक्ष दलीप सिंह, एससी मोर्चा जिला मोहन भारती, भाजयुमो आनी मंडल के अध्यक्ष हरीश शर्मा, भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष कुशाल चौहान, योगेश वर्मा, भाजयुमो के उपाध्यक्ष हरीश मेहता, प्रधान- उपप्रधान संघ आनी खंड के प्रधान कृष्ण ठाकुर, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष राजेश, दलाश पंचायत के प्रधान सत्येंद्र शर्मा, बीडीसी सदस्य डा. नवनीत, हेमंत ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।