पंजाब में अब रात आठ बजे से कर्फ्यू, बढ़ते मामले देख सरकार ने एक घंटा बढ़ाया टाइम

By: Apr 20th, 2021 12:08 am

बढ़ते मामले देख अमरेंदर सरकार ने एक घंटा बढ़ाया टाइम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गाइडलाइन में बदलाव करते हुए नाइट कर्फ्यू एक घंटा बढ़ा दिया है। पंजाब में कर्फ्यू अब रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। पहले कर्फ्यू रात नौ बजे से था।

इसके अलावा पंजाब में सभी जिम, बार, सिनेमा हॉल, कोचिंग सेंटर, स्पा, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 20 से 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। होटल व रेस्टोरेंट खुलेंगे, लेकिन केवल टेक अवे के लिए। नई गाइडलाइन के मुताबिक पंजाब में रविवार को माल, दुकानें और बाजार बंद रहेंगे। सरकार ने रविवार की बंदी को मिनी लॉकडाउन का नाम दिया है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि पंजाब सरकार दिल्ली और राजस्थान में लॉकडाउन के बाद राज्य में लॉकडाउन या वीकेंड लॉकडाउन लगा सकती है, लेकिन पंजाब सरकार ने ऐसा कदम नहीं उठाया।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह ने सोमवार को कोविड को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक में लॉकडाउन नहीं लगाने का फैसला किया। अलबत्ता कुछ सख्ती जरूर की है। मोहाली में बढ़ते केसों को देखते हुए बुधवार यानी रामनवमी के दिन वहां लॉकडाउन रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App