लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र भारतीय सेना के नए उप प्रमुख, इससे पहले 9 कॉर्प्स के थे कमांडर

By: Apr 11th, 2021 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को सेना के उप प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। खास बात है कि इससे पहले वे 9 कॉर्प्स के कमांडर थे। द्विवेदी से पहले भारतीय सेना में यह जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट जनरल चंडी प्रसाद मोहंती संभाल रहे थे। मोहंती बीती फरवरी को ही आर्मी स्टाफ के उप प्रमुख बनाए गए थे। इस समय भारतीय सेना के प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे हैं। नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र रहे लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी को दिसंबर, 1984 में जम्मू-कश्मीर रायफल्स की 18वीं बटालियन में भर्ती किया गया था। 35 साल से ज्यादा के करियर में उन्होंने कई अहम पदों पर कार्य किया है।

उन्होंने ऑपरेशन रक्षक के दौरान चौकीबल में विद्रोह के खिलाफ कार्रवाई, मणिपुर के असम रायफल सेक्टर (आपरेशन राइनो) में बटालियन का नेतृत्व किया था। खास बात है कि बीती पहली फरवरी में ही लेफ्टिनेंट जनरल मोहंती ने उप प्रमुख का कार्यभार संभाला था। इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैणी इस पद पर थे, जो रविवार को सेवानिवृत्त हुए थे। लेफ्टिनेंट जनरल मोहंती ने चार दशक के अपने सेवाकाल में कई अहम पदों पर काम किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App