मंत्री बोले, सिद्धपुर में 15 करोड़ से बनेगा मशरूम प्रशिक्षण केंद्र

By: Apr 20th, 2021 12:22 am

दिव्य हिमाचल टीम, धर्मपुर
जलशक्ति, बागबानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में किसानों-बागबानों को मशरूम खेती से जोडऩे के लिए प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। धर्मपुर के सिद्धपुर में 15 करोड़ रुपए की लागत से मशरूम प्रशिक्षण केंद्र बनाया जा रहा है। इसमें प्रदेश भर के किसानों-बागबानों को प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी। मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत विभिन्न गांवों में जनसमस्याएं सुनते हुए लोगों से मुखातिब थे। इसके अलावा जलशक्ति मंत्री ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के बरोटी में 2.71 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले जलशक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर व मुख्यमंत्री लोक भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने धर्मपुर के चलाल, रियूर, डीडणू, बारल, बरोटी, लवणपुर, हरनेडा, रखेडा, सापडा तथा गंत्रैलू गांवों में जनसमस्याएं सुनीं व अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा किया।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर लोगों से कोविड 19 प्रोटोकॉल का पूरा पालन करने की अपील की। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि 122 करोड़ की कमलाह-मंडप पेयजल योजना और 104 करोड़ की बरोटी-मंडप-जोडण जल सिंचाई योजना खालों क्षेत्र की दस पंचायतों के लिए वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि बरोटी में 22 लाख रुपए की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का साइंस भवन बन रहा है। इसके अलावा स्कूल का स्टेडियम बनाया जा रहा है। वे बरोटी में आईटीआई खोलने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने लोगों से आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए जमीन उपलब्ध करवाने को कहा, ताकि इनके नए भवनों का निर्माण किया जा सके। उन्होंने महिला मंडल सापडी को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। हरनेडा में महिला मंडल भवन बनवाने का आश्वासन दिया। रियूर में एक बीमारी ग्रसित महिला को उपचार के लिए अपनी ओर से 20 हजार रुपये दिए। इसके अलावा जलशक्ति मंत्री ने कांडापतन में विभिन्न विकास कार्यों जायजा लिया। उन्होंने धर्मपुर में 100 बिस्तरों के सिविल अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रगति भी जायजा लिया। उन्होंने सिद्धपुर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान उमेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य जगदीश ठाकुर, बीडीसी सदस्य रूप सिंह सहित पंचायती राज संस्थानों के पदाधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App