कैप्टन की नाकामयाबी पर मंत्री पहनें चूडिय़ां, पंजाब में बीजेपी महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन

By: Apr 8th, 2021 12:06 am

पंजाब में बीजेपी महिला मोर्चा ने बलात्कार-नकली शराब-खनन और नशे के खिलाफ किया प्रदर्शन

निजी संवाददाता — मोहाली

बुधवार को पूरे पंजाब प्रदेश में बीजेपी महिला मोर्चा ने प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष मोना जैसवाल की अगवाई में जिला सत्र पर रोष प्रदर्शन किया, जिसमें कांग्रेस सरकार के मंत्रियों को सैंकड़ों महिलाओं ने मिल कर चूडिय़ां दीं। यह जानकारी जिला मोहाली की महिला मोर्चा प्रधान तेजिंदर कौर ने पत्रकारों को दी।

उन्होंने कहा कि जैसे प्रदेश भर में जगह-जगह पर मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं और उनको रोकने में कांग्रेस सरकार फेल हो रही है, वह अति निंदनीय है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही प्रदेश की सत्तारूड़ पार्टी ने जैसे अपनी हार स्वीकार कर ली हो और उसी की बौखलाहट में सरकार किसान आंदोलन की आड़ लेकर बीजेपी नेताओं पर हमले करवा रही है। विधायक अरुण नारंग पर हुआ हमला लोकतंत्र की हत्या है। जिला मोर्चा प्रधान ने कहा कि जिस प्रदेश में एक विधायक और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उस प्रदेश के मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देना चाहिए, लेकिन अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनकी कुर्सी नहीं छूट रही है तो उनको चूडिय़ां पहन लेनी चाहिएं, क्योंकि प्रदेश उनसे संभल नहीं पा रहा है।

तेजिंदर ने कहा कि बात चाहे हाल फिलहाल हुए नगर पालिका के चुनाव में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग की हो, प्रदेश में बिकती नकली शराब, गैरकानूनी खनन या फिर बात प्रदेश में बिकते नशे की हो हर क्षेत्र में कैप्टन की सरकार ने नाकामयाबी के झंडे गाड़े हुए हैं। प्रदेश को एक नई सोच के नेतृत्व की जरूरत है। यह रोष प्रदर्शन मोहाली के फेस सात में जिला मोहाली की महिला मोर्चा की सैकड़ों महिलाओं ने किया और कांग्रेस सरकार के मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू को चूडिय़ां पहनने को दीं। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश मोर्चा महामंत्री नीतू खुराना, प्रदेश ऑफिस सेके्रटसी चंपा राणा, महिला मोर्चा प्रभारी अलका कुमार, सुनीता ठाकुर, प्रतिभा सिन्हा, सुखबीर सेखों व रमणीक शर्मा ने किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App