नेशनल डिफेंस कालेज के नुमाइंदों ने जाना हिमाचल, प्रदेश के दौरे के दौरान शिमला में मुख्यमंत्री से की मुलाकात

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – शिमला
नेशनल डिफेंस कालेज का प्रतिनिधिमंडल आजकल हिमाचल दौरे पर है। बुधवार को इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इसमें भारत, नाइजीरिया, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश ओर नेपाल के एयर मार्शल व ब्रिगेडियर स्तर के 20 सैन्य अधिकारी शामिल रहे। यह दल राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक अध्ययन के लिए पांच से 10 अप्रैल तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर है। इस दल का प्रदेश के दौरे का प्रमुख उद्देश्य यहां विकास के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी हासिल करना है। इसमें सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए विभिन्न राज्य प्रायोजित कार्यक्रम भी शामिल है। प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के साथ-साथ हिमाचल को वीर भूमि के रूप में भी जाना जाता है, क्योंकि यहां के युवा बड़ी संख्या में सैन्य बलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि एक लाख से अधिक पूर्व सैनिक भी हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ हिमाचल प्रदेश से ही थे। कारगिल युद्ध के लिए प्रदान किए गए चार परम वीर चक्रों में से दो यहां के बहादुर सैनिकों को प्रदान किए गए थे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश के विकास के लिए आरंभ की गई विकासात्मक परियोजनाओं के बारे में भी उन्हें जानकारी दी। एयर मार्शल कमांडेंट डी चौधरी, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम ने अपने विचार साझा करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल कई सदस्यों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। प्रतिनिधिमंडल में एयर वाइस मार्शल बीवी उपाध्याय, विंग कमांडर तरुणा सिंह, जीवी मनोज कुमार, कमांडर विवेक दहिया, बिग्रेडियर एसके भांभू, मेजर किम हेरियोट, बिग्रेडियर वी शर्मा, कर्नल रविंद्र खत्री, महेश कुमार रॉय, पंकज पचनंदा, एयर कमांडर डीएस जोशी, ब्रिगेडियर जनरल अब्दुल्ला जुहुरी, ब्रिगेडियर सुभाशीष दास, कर्नल सोनम पेंजोरे, एयर कमांडर एमके मेहरा, ब्रिगेडियर संजीव लूथरा, कर्नल एडी युसुफ, ब्रिगेडियर एके पुंडीर, राघवेंद्र सिंह व प्रताप सिंह शामिल रहे।