रूस ने पाकिस्तान को दिखाया आईना; कहा, पाक संग सीमित संबंध, भारत विश्वसनीय सहयोगी

By: Apr 16th, 2021 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

भारत और रूस के रिश्तों को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। खासकर जब से यह खबर आम हुई है कि रूस पाकिस्तान को सैन्य उपकरण देगा और दोनों देश संयुक्त नौसेना अभ्यास करेंगे, तब से नई दिल्ली-मास्को के दशकों पुराने रिश्तों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अब रूस ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। मास्को ने साफ कर दिया है कि भारत उसका विश्वसनीय सहयोगी था और हमेशा रहेगा। रूस के इस बयान से पाकिस्तान को मिर्ची लगनी तय है। रूसी मिशन के उप प्रमुख रोमन बाबुश्किन ने भारत को एक विश्वसनीय सहयोगी करार देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच कोई मत भिन्नता या गलतफहमी नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र संबंधों के आधार पर रूस का पाकिस्तान के साथ सीमित सहयोग है।

 बाबुश्किन ने भारत और पाकिस्तान सीमा पर 2003 के संघर्ष विराम समझौते का सख्ती से पालन करने की प्रतिबद्धता का स्वागत किया और कहा कि यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण कदम है। बाबुश्किन ने आगे कहा कि अफगानिस्तान के मुद्दे पर क्षेत्रीय आम सहमति बनाने की प्रक्रिया में भारत को हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अफगान शांति प्रक्रिया को लेकर नई दिल्ली और मास्को का रुख एक-समान है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की पाकिस्तान यात्रा के बारे में पूछे जाने पर बाबुश्किन ने कहा कि रूस के पाकिस्तान के साथ स्वतंत्र संबंध हैं और हम किसी के साथ रिश्तों को किसी और के खिलाफ लक्षित नहीं करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App