सोशल मीडिया पर छाया ‘इक बूटा सबना लाणा’

By: Apr 21st, 2021 12:06 am

पहाड़ी गाने से पर्यावरण बचाने पर अलख जगा रहे जवाली के सुरेश कौंडल

निजी संवाददाता— जवाली

विस क्षेत्र जवाली के लेखक सुरेश कौंडल ने गाने के माध्यम से पर्यावरण को बचाने के लिए अलख जगाया है। सुरेश कौंडल ने पेड़ों को बचाने के लिए लोगों को जागरूक करते हुए हाल ही में ‘इक बूटा सबना लाणा’ नाम से पहाड़ी गाना लिखा और अभिनीत भी किया है। गाने को जवाली से ही युवा हिमाचली गायक गौरव शहजादा ने आवाज दी है। मुस्कान स्टूडियो लव ने इसका वीडियो फिल्मांकन किया है। रिलीज होते ही गाने ने धूम मचा दी है। प्रकृति प्रेमियों को यह गाना बहुत पसंद आ रहा है। अब तक इस गाने को सैकड़ों लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है।

 सुरेश कौंडल ने बताया कि वर्तमान समय में पर्यावरण के संरक्षण के लिए पेड़ लगाना बहुत ही आवश्यक है। लोग अधिक से अधिक पेड़ काट रहे हैं, जबकि उसकी तुलना में बहुत कम पेड़ पौधे लगा रहे हैं। ‘इक बूटा सबनां लाणा’ नामक ये गाना दूसरे गानों से अलग है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह के गाने बनाते रहेंगे। सुरेश कौंडल ने खुलासा किया कि बहुत जल्द पानी के संरक्षण से संबंधित नया गाना रिलीज करने जा रहे हैं, जो पानी के महत्त्व पर आधारित है। गाना कंपोज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि युवा गायक गौरव शहज़ादा की आवाज को सपोर्ट करना भी मेरा मकसद है। 21 वर्षीय युवा गायक गौरव शहजादा गांव लुधियाड़ के एक निर्धन परिवार से संबंध रखते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App