खेल की दुनिया में शिमला के विनोद का डंका, समिति में चेयरमैन नियुक्त

By: Apr 21st, 2021 12:06 am

टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का करेंगे चयन, समिति में चेयरमैन नियुक्त

स्टाफ रिपोर्टर— शिमला

शिमला निवासी विनोद कुमार को टीम इंडिया के चयन समिति के चेयरमैन के तौर पर नियुक्त किया गया है। अगले महीने अमान के जॉर्डन में होने वाले एशियन क्वॉलिफाई टूर्नामेंट के चलते ताइक्वांडो की टीम इंडिया के चयन के लिए विनोद कुमार को चेरयमैन पद की जिम्मेदारी दी गई है। गौरतलब है कि उक्त नियुक्ति खेल मंत्रालय इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं इंडिया ताइक्वांडो ने विनोद कुमार के लंबे खेल अनुभव को देखते हुए उनकी कुशल कार्यशैली के आधार पर की है। उनके साथ संजय सारस्वत, इंडियन टीम कोच प्रवीण बोरसे एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के कोच दीपक पंथ व संध्या भारती को बतौर चयन समिति के सदस्य नियुक्त किया गया।

 अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो रैफरी विनोद कुमार वर्तमान में केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान शिमला में बतौर वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव राजेश भंडारी ने उनकी इस नियुक्ति पर बधाई दी है और कहा इनकी नियुक्ति पर पूरे प्रदेश को विनोद कुमार पर गर्व है। यह निश्चित रूप से खेल जगत में प्रदेश के लिए गौरव की बात है। पूर्व खेल निदेशक अर्जुन अवार्डी सुमन रावत ने भी विनोद को चयन समिति के चेयरमैन नियुक्ति पर बधाई दी है। प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष आरएस सेहान व सभी सदस्यों एवं जिला वार सभी ताइक्वांडो एसोसिएशन ने विनोद को बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App