एक दिन में चार लाख संक्रमित, 3525 लोगों ने गंवाई जान

By: May 1st, 2021 9:32 pm

देश में 24 घंटों में तीन लाख मरीजों ने हराया कोरोना, 

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कोरोना तबाही का और कितना खतरनाक मंजर दिखाएगा, यह किसी को नहीं पता। भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जहां एक दिन में कोरोना के चार लाख से अधिक पॉजिटिव केस मिले हैं। यह अपने आप में डराने वाला रिकार्ड है। देश में शुक्रवार को अब तक के सर्वाधिक चार लाख 02 हजार 014 नए मामले सामने आए। यही नहीं, यह आंकड़ा सबसे ज्यादा संक्रमित अमरीका में मिले नए मरीजों से सात गुना है। वहां शुक्रवार को 58,700 केस आए।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को एक दिन में 3525 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। उधर करीब तीन लाख (2 लाख 99 हजार 198) संक्रमितों ने कोरोना को मात दे दी। विशेषज्ञों के आकलन के अनुसार, भारत के कोरोनो वायरस मामले अगले सप्ताह तीन से पांच मई के बीच चरम पर हो सकते हैं।

संक्रमण पर नजर रखने के लिए गठित विज्ञानियों के समूह के प्रमुख एम विद्यासागर के अनुसार हमारा अनुमान है कि अगले सप्ताह तक, देश भर में  रोज बढ़े हुए कोरोना के मामले सामने आएंगे। पूरी दुनिया में 8.66 लाख नए मरीजों की पहचान हुई है। इनमें से लगभग आधे (46 फीसदी) भारत में ही पाए गए। मौत के आंकड़ों की बात करें, तो दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें भी भारत में हो रही हैं। बीते दिन दुनिया में कोरोना से 14,285 लोगों की जान गई। इनमें 3,525 मौतें भारत में रिकार्ड की गई।

यानी दुनिया में बीते 24 घंटे में हुई मौत में हर चौथी मौत भारत में हुई। यहां सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में दर्ज की गई, जहां 828 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। आईसीएमआर के डेटा के अनुसार 30 अप्रैल तक 28,83,37,385 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 19,45,299 नमूनों का शुक्रवार को परीक्षण किया गया था। 16 जनवरी, 2021 के बाद से, देश भर में कुल 15,49,89,635 लोगों को कोरोना के  टीके लगाए गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 27,44,485 लोगों को यह खुराक दी गई।

73.05 फीसदी मामले 10 राज्यों में

देश में संक्रमण के एक दिन में सामने आए नए मामलों में से 73.05 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत 10 राज्यों में सामने आए हैं। इनमें कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान भी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App