गोल्डन बुक में शिलारू के सुरेश का नाम, टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन पर लिखा काव्य प्रबंध चयनित

By: May 5th, 2021 12:06 am

सुधीर शर्मा— मतियाना

जिला शिमला के मतियाना खंड की ग्राम पंचायत कोट शिलारू के बटलौथ गांव के आचार्य सुरेश शर्मा का नाम काव्य प्रबंधन के लिए जल्द ही गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल होगा। हिंदी व संस्कृत जगत के युवा काव्यकार आचार्य सुरेश शर्मा भारद्वाज द्वारा भारत के 131 अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाडि़यों पर अंतरराष्ट्रीय काव्य संकलन के अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ  वर्ल्ड रिकॉर्ड में सुप्रसिद्ध टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन पर शोध करते हुए अपना काव्य प्रबंध भेजा गया था। इसे संस्था द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। अब जल्द ही आचार्य सुरेश शर्मा का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अंकित होने जा रहा है।

 स्वीकृति मिलने के पश्चात संस्था द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अकादमिक काउंसलर डा. विदुषी शर्मा ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय काव्य संकलन में देश-विदेश के बड़े-बड़े शोधकर्ताओं और रचनाकारों ने भाग लिया। सभी ने ऐसे खिलाडि़यों पर शोध किया, जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत का नाम रोशन किया है। इसी कड़ी में आचार्य सुरेश शर्मा द्वारा टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन के बारे में लिखी गई कविता का चयन गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में हुआ है। बता दें कि यह काव्य संकलन पूरी तरह से खेल पर आधारित है। संस्था ने यह दावा किया है कि जल्द ही यह पुस्तक के रूप में हमारे बीच होगी, जो स्वयं गोल्डन बुक में वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाएगा। आचार्य सुरेश शर्मा वर्तमान समय में गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App