पहली मई को प्रदेश में 7665 की एंट्री

By: May 1st, 2021 7:46 pm

पड़ताल के बाद भेजे जा रहे अंदर

हिमाचल आने को कुल 22021 आवेदन,एक दिन में साढ़े सात हजार को ऐसे मिली एंट्री
शकील कुरैशी, शिमला
हिमाचल प्रदेश में पहली मई को प्रवेश करने वाले लोगों की संख्या 7665 है। यह लोग शनिवार को प्रदेश में आए जिनको सीमा पर पूरी पड़ताल के बाद भीतर लाया गया है। इसके साथ राज्य में 22021 लोगों ने आने के लिए आवेदन किया है जिनका पंजीकरण सरकार के ई-पोर्टल पर हो चुका है। हिमाचल वापस लौटने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने वालों में शनिवार को कुल 7665 लोग प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर लौटे। प्रदेश की सीमाओं पर नाकाबंदी है और वहां पर एंट्री करने वालों का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है।

प्रदेश सरकार ने वापस लौटने वाले हिमाचलियों के लिए वैब पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा दे रखी है जिसमें धड़ाधड़ पंजीकरण हो रहा है। शनिवार शाम तक इस पोर्टल के माध्यम से 22021 लोगों ने अपना पंजीकरण करवा लिया है। प्रदेश के लोग काफी संख्या में दूसरे राज्यों में रहते हैं और अब वहां के गंभीर हालातों को देखते हुए यह लोग वापस लौटने के इच्छुक हैं। बड़ी संख्या में आने वाले दिनों में यह लोग वापस लौटेंगे। पिछले साल कोरोना की पहली लहर में भी लाखों हिमाचली घर लौटे थे मगर हालात सुधरने के बाद अधिकांश लोग फिर से कामकाज के लिए चले गए। अब दूसरी लहर में हालात नासाज हैं जिसके चलते यहां के लोग वापस लौटने लगे हैं। सख्ती के बावजूद प्रदेश के सभी प्रवेश द्वारों पर हैवी लोड है। काफी संख्या में वहां पर लोग पहुंच रहे हंै जो हिमाचल में एंट्री करना चाहते हैं। जो नियम सरकार ने रखे हैं उनको वहां एंट्री प्वाइंट पर प्रशासन सुनिश्चित बना रहा है जिसके बाद एंट्री दी जा रही है।

जिलावार आंकड़ों की बात करें तो शनिवार को प्रवेश द्वारों से 7665 लोगों ने एंट्री की। इसमें बिलासपुर जिला में 353 लोग आए जहां पर 864 लोगों ने आने के लिए आवेदन कर रखा है। इसके साथ चंबा जिला में 226 लोग आए जहां पर 435 लोगों के आवेदन आए हुए हैं। हमीरपुर जिला में 710 लोग आए जहां के लिए 1677 लोगों ने अपना पंजीकरण करवाया है। इसी तरह से कांगड़ा जिला में 2058 लोगों ने एंट्री की है जहां के लिए 4684 लोगों ने अपना पंजीकरण किया हुआ है। किन्नौर जिला में 20 लोग आए हैं जहां पर 83 का पंजीकरण हुआ है। कुल्लू में 391 ने एंट्री की और 741 के आवेदन हुए हैं वहीं लाहौल स्पीति में 25 लोग आए जहां पर 86 ने आने को अपना पंजीकरण करवा रखा है। मंडी जिला में आने वालों की संख्या 609 की है जहां के लिए 1342 के आवेदन हैं वहीं शिमला जिला में 413 लोग घर लौटे हैं जहां के लिए 1332 ने आवेदन कर रखा है। सिरमौर जिला में 506 लोग प्रवेश किए जहां पर 1597 लोगों के आवेदन हैं वहीं सोलन जिला में 1036 लोग शनिवार को आए और 5469 ने यहां आवेदन किए हैं। इसी तरह से ऊना जिला में 1318 लोगों ने प्रवेश किया जबकि 3711 ने अपना पंजीकरण इस जिला में आने के लिए कर रखा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App