रजिस्ट्रेशन आसान, वैक्सीन बुकिंग को हर जिला में कोविन पोर्टल खुलने का समय तय

By: May 20th, 2021 12:08 am

युवाओं के लिए वैक्सीन की बुकिंग को हर जिला में कोविन पोर्टल खुलने का समय तय

मस्तराम डलैल — शिमला

कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और स्लॉट बुकिंग के लिए हिमाचल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत कोविन पोर्टल के खुलने का समय निर्धारित कर दिया है। इसके लिए सभी जिलों ने अलग-अलग समय निर्धारित कर इसकी नोटिफिकेशन जारी कर दी है। यह व्यवस्था 18 से 44 साल के युवाओं के टीकाकरण के लिए की गई है। ‘दिव्य हिमाचल टीवी’ ने अपने विशेष बुलेटिन में यह मामला प्रमुखता से उठाया था। इस आधार पर राज्य सरकार ने सभी उपायुक्तों को कोविन पोर्टल के खुलने का समय निर्धारित करने और इसे पब्लिक डोमेन में लाने के कड़े निर्देश दिए। सरकार ने अपने आदेशों में उपायुक्तों को कहा है कि कोविन पोर्टल खुलने की आम लोगों को सूचना प्रेषित की जाए। इस आधार पर सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को आगामी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। इसके चलते सभी जिलों ने परिस्थितयों के हिसाब से इसके लिए समय निर्धारित कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं को वैक्सीनेशन की रजिस्ट्रेशन और अपना स्लॉट बुक करवाने के लिए दिक्कतें आ रही थी। जानकारी के अभाव में रजिस्ट्रेशन के लिए 18 से 44 साल के युवाओं में रोष था कि वे दिन भर रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल फोन पर चिपके रहते हैं। इसी बीच अचानक पलक झपकते कोविन पोर्टल बंद हो जाता है। प्रदेश भर के पाठकों और दर्शकों से मिले इस फीडबैक के आधार पर ‘दिव्य हिमाचल’ ने यह मामला 18 मई को प्रमुखता से उठाया था। इस आधार पर अब सभी जिलों में इसके लिए टाइमिंग फिक्स कर दी है। उल्लेखनीय है कि 20 मई को प्रदेश में 21 हजार 820 युवाओं को वैक्सीनेशन की डोज दी जाएगी। इसके लिए 18 मई को कोविन पोर्टल कुछ समय के लिए खुला था। अब 24 मई के टीकाकरण के लिए 22 मई को पोर्टल खुलेगा। प्रत्येक वैक्सीनेशन सेंटर में 100 सैशन पब्लिशड होंगे। इसके तहत सिर्फ 100 लोगों के ही रजिस्ट्रेशन के आधार पर स्लॉट बुक हो पाएंगे। यह संख्या पूरी होते ही कोविन पोर्टल बंद हो जाएगा।

जिलों में कोविड पोर्टल पर पंजीकरण का समय

चंबा       12 बजे

शिमला    01 बजे

सोलन     05 बजे

सिरमौर    01 बजे

ऊना     05 बजे

कांगड़ा    2.30 बजे

बिलासपुर 01 बजे

हमीरपुर   02 बजे

मंडी       11 बजे

किन्नौर    05 बजे

कुल्लू      10 बजे

लाहुल     10 बजे


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App