कल से खुल जाएंगे एएसआई संरक्षित सभी स्मारक-संग्रहालय, कोविड के कारण 16 अप्रैल से थे बंद

By: Jun 15th, 2021 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कोरोना महामारी के कारण बंद चल रहे एएसआई संरक्षित सभी केंद्रीय स्मारक और संग्रहालय 16 जून से खोल दिए जाएंगे। कोविड महामारी के कारण ये सभी स्थल 16 अप्रैल से बंद थे। कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने सभी केंद्रीय स्मारकों को बंद करने का निर्णय लिया था। दरअसल अप्रैल-मई में देश में कोरोना से मौतों की संख्या अचानक से बढ़ गई थी। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को ट्वीट करते हुए कहा कि मंत्रालय ने एएसआई के सभी स्मारकों को 16 जून, 2021 से विधिवत खोलने की स्वीकृति प्रदान की है। पर्यटक कोरोना नियमों का पालन करते हुए स्मारकों का भ्रमण कर सकते हैं। सभी को शुभकामनाएं।

ताजमहल का भी होगा दीदार

आगरा। एएसआई के आदेशों के बाद 16 जून से आगरा का ताजमहल भी पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।  ताजमहल में एंट्री को लेकर नए नियम बनाए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि एक बार में सौ लोगों को ही सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परिसर में प्रवेश मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App