बलोह पंचायत… व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े सभी लोग

By: Jun 19th, 2021 12:55 am

पंचायत प्रधान संगीता देवी के प्रयास सराहनीय, लोगों को एकदम से मिल रही सारी सूचनाएं

निजी संवाददाता- बरठीं
आधुनिकता के इस दौर में हर व्यक्ति को डिजिटल सुविधा लाभ उठाना चाहिए। सुविधा चाहे सोशल मीडिया की हो या फिर अन्य सुविधाओं की। लोगों को अब डिजिटल की ओर से अग्रसर होना ही पड़ेगा। बिना डिजिटल सुविधा के लिए कई लोग सुविधाओं के साथ सूचनाओं से वंचित रह जाते हैं। लेकिन झंडूता विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बलोह ऐसी पंचायत है जो कि डिजिटल की सुविधा लोगों तक पहुंचा रही है। इसके लिए पंचायत प्रधान संगीता देवी के प्रयास सराहनीय रहे हैं। युवा महिला प्रधान संगीता देवी द्वारा पंचायत की हर गतिविधि के बारे में जानकारी पंचायत के लोगों तक पहुंचाने को लेकर बाकायदा हर वार्ड में व्हाट्सऐप गु्रप तैयार कर दिए हैं। पंचायत के नौ वार्ड में वार्ड सदस्यों की सहायता के यह व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए गए हैं। ताकि लोगों को पंचायत की आम सभा के अलावा अन्य प्रकार की बैठकों के बारे में पता चल सके। हालांकि इससे पहले लोगों को यह सुविधा नहीं मिल पाती थी। लेकिन अब लोगों को पंचायत की बैठकों के अलावा ग्राम सभाओं के साथ ही अन्य गतिविधियों की भी जानकारी समय-समय पर मिल रही है। व्हाट्सऐप ग्रुप बनने के चलते ही लोग सीधे तौर पंचायत प्रधान से जुड़े हुए हैं।

यह डिजिटलाइजेशन होने के चलते कोरोना महामारी के दौरान लोगों को सबसे ज्यादा लाभ मिला है। ग्राम पंचायत बलोह में कई लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं, कुछ एक लोगों की कोरोना संक्रमित होने के चलते मौत भी हो गई। लेकिन जो लोग संक्रमित पाए गए थे, उन्हें पंचायत की ओर सुविधा मुहैया करवाई गई। बाकायदा संक्रमित लोगों को घर द्वार राशन मुहैया करवाया गया। सबसे अहम भूमिका यह रही कि लोगों को डिपो के माध्यम से मिलने वाले राशन के लिए भी पंचायत प्रधान संगीता देवी द्वारा वार्ड वाइज समय सारिणी निर्धारित की। ताकि डिपो में लोगों की ज्यादा भीड़ एकत्रित न हो। पंचायत प्रधान द्वारा हर वार्ड के व्हाट्सऐप ग्रुप में राशन लेने के लिए समय सारिणी का मैसेज किया। जिसके चलते कोरोना महामारी के दौरान भी डिपो पर लोगों की ज्यादा भीड़ एकत्रित नहीं हुई। पंचायत प्रधान की ओर से करीब 450 लोगों को व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा है। उधर, ग्राम पंचायत बलोह की प्रधान संगीता देवी ने बताया कि लोगों को व्हाट्सऐप के माध्यम से जानकारी मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत के लोगों की समस्याओं का समाधान को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। कोरोना महामारी को लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सरकार, प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों की पालना करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App