पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल-अनुराग ठाकुर से मिलने पहुंचे जयराम ठाकुर

By: Jun 15th, 2021 12:08 am

सादगी के लिए मशहूर मुख्यमंत्री ने पेश की आदर और शिष्टाचार की अनोखी मिसाल

राज्य ब्यूरो प्रमुख – शिमला

अपनी सादगी के लिए मशहूर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आदर भाव और शिष्टाचार की एक और अनोखी मिसाल पेश की। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपना लाव लश्कर छोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिलने विली पार्क पहुंचे। करीब एक घंटे की इस शिष्टाचार मुलाकात के बाद वह केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलने पीटरहॉफ गए। खास है कि दोनों नेता बरागटा परिवार को शोक संवेदनाएं देने के लिए शिमला आए हैं। इस कड़ी में प्रेम कुमार धूमल विली पार्क स्थित सर्किट हाउस के वीवीआईपी सैट में रुके हैं। इससे कुछ दूरी पर स्थित पीटरहॉफ में अनुराग ठाकुर का रात्रि ठहराव है। जयराम ठाकुर ने प्रेम कुमार धूमल से मुलाकात के लिए सीधे सर्किट हाउस पहुंचकर सभी को चांैका दिया। इसके बाद वह अनुराग ठाकुर से मंत्रणा के लिए भी पीटरहॉफ पहुंचे।

जाहिर है कि मुख्यमंत्री अहम और वहम के दायरे में आकर पूर्व मुख्यमंत्रियों या केंद्रीय मंत्रियों से मिलने में परहेज करते हैं। इन तमाम दीवारों को तोड़ते हुए सीएम का यह अंदाज सभी को भा गया। इससे पहले भी फील्ड दौरों के दौरान जयराम ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचते रहे हैं।सीएम के इस बड़प्पन की प्रदेेश के दूसरे मंत्रियों और विधायकों को भी सीख लेने की जरूरत है। खासकर उन नए विधायकों को ये जरूर सोचना होगा जो पुराने कार्यकर्ताओं को ठिकाने लगाने में जुटे हैं।

सूत्रों की मानें तो आने वाले उपचुनावों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच में चर्चा हुई है। हाल ही में मुख्यमंत्री दिल्ली भी गए थे जहां पर इन सियासी मामलों पर चर्चा करके लौटे हैं। मंगलवार से पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें भी शिमला में होनी हैं और माना जा रहा है कि धूमल इन बैठकों में मौजूद रहेंगे। वहीं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर भी शिमला आए हुए हैं। उनसे मुलाकात के लिए भी मुख्मंत्री जयराम ठाकुर पीटरहॉफ गए, जहां पर उनसे हिमाचली हितों के कई मुद्दों पर चर्चा की गई है। दिल्ली दौरे के दौरान सीएम की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी थी, लिहाजा दोनों नेता सोमवार को शिमला में मिले। अनुराग ठाकुर भी यहां पहले नरेंद्र बरागटा के परिवार से मिलने पहुंचे, जिसके बाद वापस शिमला लौटे।

पूर्व मुख्यमंत्री ही आते थे मिलने

रिवायत है कि पूर्व मुख्यमंत्री वर्तमान मुख्यमंत्री से मिलने आते हैं, परंतु यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने गए। बता दें कि धूमल का बड़ा राजनीतिक कद है, जिनके समर्थक पूरे प्रदेश में है। भाजपा संगठन में क्या कुछ चल रहा है और इसमें किस तरह से और ज्यादा सुधार होना चाहिए, इन मामलों पर चर्चा हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App