सुग्घर में प्रवासी महिला की मौत, पति गिरफ्तार

By: Jun 12th, 2021 12:10 am

बुधवार को पति ने की थी पत्नी की पिटाई, निजी अस्पताल में करवाया था इलाज

दिव्य हिमाचल टीम-पालमपुर
पालमपुर नगर निगम के वार्ड पांच सुग्घर में एक प्रवासी महिला की मौत हो गई। इस संदर्भ में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार के चंपारन क्षेत्र का यह परिवार सुग्घर में किराए के मकान में रहता और दोनों पति-पत्नी मेहनत-मजदूरी करते थे। पड़ोसियों से पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार दोनों में अकसर झगड़ा होता रहता था और नौ जून को भी पति नागेंद्र कुमार ने कथित रुप से पत्नी रिंकी देवी उम्र 25 वर्ष के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद पड़ोसी महिला को एक निजी अस्पताल में ले गए थे जहां पर इलाज के बाद वो वापस घर आ गई थी। शुक्रवार सुबह नागेंद्र ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब हो गई है, जिसकी जानकारी पड़ोसियों ने ही पुलिस को भी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला दम तोड़ चुकी थी।

धर्मशाला से फोरेंसिक की टीम भी बुलाई गई और पुलिस ने आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर मृतका के पति नागेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के पति नागेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App