प्रदेश भर में सरपट दौड़ी पथ परिवहन निगम की बसें, 1226 रूटों पर हुआ बसों का संचालन

By: Jun 15th, 2021 12:08 am

1226 रूटों पर हुआ बसों का संचालन, निगम ने 219 लॉन्ग सहित 1007 लोकल रूट पर भी दी परिवहन सेवा

कार्यालय संवाददाता – शिमला

कोरोना की बंदिशों में ढील देते ही प्रदेश की सर्पीली सडक़ों पर सोमवार को पथ परिवहन निगम की बसें सरपट दौड़ती नजर आईं। हालांकि निगम प्रबंधन द्वारा पहले दिन 1226 रूटों पर ही बस सेवा उपलब्ध करवाई गई, मगर बसों के संचालन शुरू होने से परेशानियां झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि राज्य में कुछ ऐसे भी रूट थे, जिन पर यात्रियों को परिवहन सेवा उपलब्ध नहीं हो पाई। निगम प्रबंधन द्वारा पहले दिन प्रदेश के 1226 रूटों पर बसों का संचालन किया गया है।

इनमें निगम द्वारा 219 लाँग रूटों पर बसों का संचालन किया गया, जबकि निगम प्रबंधन ने प्रदेश के 1007 रूटों पर जनता के लिए बस सेवा प्रदान की है। निगम प्रबंधन के मुताबिक रूटों को मॉनिटर किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या और डिमांड को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पहले दिन निगम बसों में ऑक्यूपेंसी कम रही है। निगम प्रबंधन द्वारा डे के साथ नाइट सेवा भी प्रदान की जा रही है। हालांकि बसों में ऑक्सूपेंसी दर कम रही है, मगर इसमें मंगलवार को और इजाफा आने की संभावना जताई जा रही है।

प्रदेश भर में नहीं दौड़ी प्राइवेट गाडिय़ां

हिमाचल में निजी बसों का संचालन पूरी तरह से बंद रहा। कांगड़ा,कुल्लू व शिमला को छोड़ कर शेष हिमाचल में निगम की बसों का संचालन नहीं हो पाया है। यूनियन की मानें तो राज्य के कांगड़ा, कुल्लू व शिमला में भी 30 से 40 बसों का ही संचालन हो पाया है। इतना ही नहीं, निजी बस ऑपरेटर्ज द्वारा दावा किया जा रहा है कि आगामी दिनों में प्रदेश में कोई भी निजी बस नहीं चलेगी।

डिपो              लोकल लॉन्ग       कुल

केलांग              19        4          23

मंडी                  78        3          81

सरकाघाट         69        5          74

कुल्लू                42        3          45

सुंदरनगर         28        1          29

बिलासपुर         38        8          46

देहरा                 20        13        33

ऊना                 32        10        42

हमीरपुर           29        4          33

नालागढ़           15        4          19

धर्मशाला          29        6          35

पठानकोट         6          13        19

पालमपुर          24        5          29

चंबा                  50        3          53

बैजनाथ            46        1          47

नगरोटा            27        10        37

तारादेवी            00        00        00

पिओ                16        8          24

रोहडू                 25        7          32

परवाणू             18        6          24

रामपुर              30        6          36

नेरवा                39        38        77

लोकल              173      3          176

नाहन               69        5          74

करसोग            31        3          34

ग्रामीण             23        21        44

सोलन              31        29        60

कुल                  1007    219      1226

हमीरपुर के बाजारों में खरीददारों की भीड़

हमीरपुर- कोरोना कफ्र्यू में बाजार खुलने की बढ़ी समयावधि के पहले दिन सोमवार को हमीरपुर शहर में लोगों की महाभीड़ उमड़ पड़ी। शहर में उमड़े जनसैलाब को देखकर हर कोई दंग रह गया। लोग एक दूसरे के साथ सटे हुए थे। सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर बाद दो बजे तक ऐसा ही नजारा कई बार देखने को मिला।

अनलॉक होते ही भरे धर्मशाला के बाजार

धर्मशाला। अनलॉक में मिली सबसे बड़ी रियायत के दौरान जिला मुख्यालय धर्मशाला में लोग खरीददारी करने के लिए टूट पड़े। इस दौरान धर्मशाला के मुख्य बाजार कोतवाली में लोगों की बहुत अधिक भीड़ देखने को मिली। रियायतों का फायदा उठाने के लिए लोग भारी संख्या में अपने घरों से बाहर निकले और जमकर खरीददारी की।

ऊना में खुले बाजार, चहके दुकानदार

ऊना। जिला भर में सोमवार को बाजार खुलते ही ग्राहकों का रश देखा गया। वीकेंड पर दो दिन तक बंद रहने के बाद बाजार खुलने पर ग्राहक खरीददारी को उमड़ पड़े। इससे काफी समय से मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों के चेहरे पर रौनक दिखी। इसके अलावा एटीएम कक्षों एवं बैंकों के बाहर भी काफी भीड़ देखी गई।

कुल्लू-मनाली में जमने लगा सैलानियों का मेला

कुल्लू । कोरोना मामले घटने और बंदिशों में छूट मिलने के बाद सैलानियों ने फिर से पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया है। अब अधिक संख्या में सैलानी जिला कुल्लू का रुख कर रहे हैं, जहां पर इन दिनों जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर सैलानियों का जमावड़ा भी देखने को मिल रहा है। ऐसी ही स्थिति पिछले कुछ दिनों से पर्यटक नगरी कुल्लू के जलोड़ी जोत में देखने को मिल रही है। उधर, एनजीटी के आदेशों सहित कोविड के नियमों के पालन की शर्त पर पर्यटकों को रोहतांग जाने की अनुमति मिल गई। हालांकि पहले दिन गाडिय़ों का आंकड़ा कम रहा। लेकिन रोहतांग दर्रा देर सवेर पर्यटकों की रौनक से चहक उठा। सोमवार को करीब 150 वाहन रोहतांग दर्रा पहुंचे। वहीं, सोमवार को करीब 500 वाहनों ने अटल टनल को क्रॉस किया है।

शिमला । शिमला में सोमवार को बाजार सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक यानी आठ घंटे खुला रहा। शनिवार और रविवार के दिन बाजार पूरी तरह से बंद था। ऐसे में दो दिन के बाद जैसे ही बाजार खुला तो लोगों को जम कर भीड़ दिखी। इससे लोगों ने भी कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जो नियम बनाए गए है जिसमे सामाजिक दूरी जरूरी बताई गई है।उसे लोग पूरी तरह भूलते नजर आए। बाजारों में सुबह व दोपहर के समय लोगों की जम कर भीड़ दिखी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App