बाइस हजार टेस्ट 533 नए संक्रमित

By: Jun 11th, 2021 12:08 am

प्रदेश में 6338 एक्टिव केस, 15 नई मौतों ने चिंता में डाला

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

राज्य में अब ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होना शुरू हो गई है। दो दिनों से यह आंकड़ा गिरा है। पहले जहां दो से तीन हजार मरीज ठीक हो रहे थे। अब यह आंकड़ा 1000 से नीचे आ गया है। बावजूद इसके एक्टिव मरीजों की संख्या कम हो रही है और पॉजिटिविटी रेट भी रोजाना गिरता जा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग इस मामले में चिंता मुक्त है।

 दूसरी ओर गुरुवार को 22 हजार से ज्यादा कोविड टेस्ट लिए गए, जिनमें से 533 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या हिमाचल में 6338 हो गई है। गुरुवार को राज्य में कोरोना पीडि़त 15 मरीजों ने दम तोड़ा है। कांगड़ा जिला में पांच लोगों की मौत हुई है। मंडी में चार संक्रमितों ने दम तोड़ा है, जबकि चंबा, शिमला, ऊना, सिरमौर, कुल्लू और सोलन में 1-1 संक्रमित मरीज की मौत हुई है। मौतों में बेशक कमी आई है, लेकिन जो मौतें हो रही हैं, वह भी हिमाचल की जनसंख्या से काफी हैं। ऐसे में राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग को इन मौतों पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है।

 ऑल ओवर मामलों की बात करें, तो अभी तक एक लाख 97 हजार 438 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, इनमें से एक लाख 87 हजार 734 ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 3342 पहुंच गया है। दूसरी लहर में सर्वाधिक 2000 से ज्यादा मौतें हुई हैं। मामले भी दूसर लहर में डेढ़ लाख से ज्यादा मिले हैं।

जिलावार कोविड की स्थिति

जिला     नए        एक्टिव

बिलासपुर 29         187

चंबा       86         725

हमीरपुर   41         531

कांगड़ा    66         1374

किन्नौर    25         175

कुल्लू      28         348

स्पीति      4           70

मंडी       100        918

शिमला    46         716

सिरमौर    43         354

सोलन     25         467

ऊना       40         473

कुल       533        6338

ऐसे दी जाएगी रेमडेसिविर

प्रदेश सरकार ने कोविड-19 उपचार के लिए रेमडेसिविर के युक्तिसंगत उपयोग के लिए गाइडलाइन जारी की है। इस दवा का उपयोग चिन्हित मॉडरेट या ऑक्सीजन की आवश्यकता वाले अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों के लिए ही किया जा सकता है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि इस दवा का सेवन सीनियर डॉक्टर से पूछ कर किया जाना चाहिए। रेमडेसिविर प्राप्त करने के आदेश लिखित होने चाहिए और इसमें संबंधित चिकित्सक की स्टैंप व हस्ताक्षर होना आवश्यक है। यह दवा अस्पताल में ही उपलब्ध होगी, इसे बाजार से खरीदने के लिए नहीं कहा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App