मनाली की पिया कपूर बनीं डाक्टर

By: Jul 24th, 2021 12:20 am

नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष की बेटी जिला अस्पताल कुल्लू में देंगी सेवाएं

निजी संवाददाता- मनाली
मनाली की पिया कपूर डाक्टर बन गई हैं। नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर की बेटी जिला अस्पताल कुल्लू में अपनी सेवाएं देंगी। कपूर के घर में बधाई देने वालों का तांता लग गया है। बेटी के डाक्टर बनने पर माता खुशबू कपूर और पिता चमन कपूर ने खुशियां जताते हुए कहा कि उनकी बेटी अब डाक्टर बनकर समाज की सेवा करेगी। चमन कपूर ने बताया कि पिया ने मैट्रिक की पढ़ाई डीपीएस मनाली में की, जबकि प्लस टू की पढ़ाई दिल्ली से पूरी की।

एमबीबीएस की पढ़ाई रशिया से सेबरोलपोल मेडिकल कालेज से साढ़े पांच साल में पूरी की और एफएमजीई, फोरन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जाम देकर एमसीआई की मान्यता प्राप्त की। पिया ने कोरोना महामारी के बीच एक साल की इंटर्नशिप आईजीएमसी शिमला से पूरी की और शुक्रवार को मेडिकल आफिसर के रूप में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चिकित्सा अधिकारी के तौर पर अपना कार्यभार संभाला। पिया ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे माता खुशबू कपूर व पिता चमन कपूर का हाथ है। पिया ने कहा कि आज उनकी सालों की मेहनत सफल हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज वह अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने में सफल हुई है। उधर, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने माता-पिता खुशबू व चमन कपूर को बेटी की सफलता पर बधाई दी है और बेटी पिया को शुभकामनाएं दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App