बरसात मेें डेढ़ लाख पौैधे रोपने का लक्ष्य

सैन की सेर के तालों में वन महोत्सव ,100 स्वयं सहायता समूह व पंचायत प्रतिनिधि करेंगे सहयोग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
नाहन क्षेत्र में वन विभाग द्वारा इस वर्ष बरसात के सीजन में एक लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा इस वर्ष नाहन क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने के दृष्टिगत 50 हजार नींबू के पौधे लगाए जाएंगे। इस प्रकार वर्तमान बरसात के सीजन में नाहन क्षेत्र में करीब 1.50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने यह जानकारी गुरुवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत सैन की सेर पंचायत के तालों में वन विभाग द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर कही। डा. बिंदल ने इस अवसर पर वन वाटिका में पौधा भी लगाया। डा. बिंदल ने कहा कि गत वर्ष नाहन विधानसभा क्षेत्र में एक लाख नींबू के पौधे स्वयं सहायता समूह और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नि:शुल्क बांटे गए थे। कहा कि इस साल भी नींबू के 50 हजार पौधे करीब 100 स्वयं सहायता समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नाहन विधानसभा क्षेत्र में नि:शुल्क बांटे जाएंगे।

विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि नींबू का उत्पादन नाहन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के दृष्टिगत किसानों के लिए वरदान सिद्ध हो सकता है। उन्होंने कहा कि नींबू का पौधा जंगली जानवरों, बंदरों आदि से सुरक्षित रहता है। विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि जिस प्रकार हमारा शिमला, कुल्लू और किन्नौर आदि क्षेत्र विश्व स्तर पर फ्रूट बाउल के रूप में बागबानों में आर्थिकी का आधार बना है। उसी तरह हमारे नाहन विधानसभा क्षेत्र में नींबू का उत्पादन हमारे किसानों के लिए अत्यंत लाभप्रद सिद्ध होगा। डा. बिंदल ने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए पौध रोपण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निरंतर करते रहना चाहिए। इसके साथ ही हमें वन्य पौधों के अलावा औषधीय पौधों के रोपण की तरफ भी लोगों को प्रेरित करना चाहिए। इस अवसर पर डीएफओ नाहन सौरभ ने विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने का स्वागत किया और नाहन डिवीजन में पौध रोपण संबंधी कार्यों की जानकारी भी प्रदान की। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, नगर परिषद के पार्षद गण, सैन की सेर पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा भाजपा नेता, अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।