सिद्धू की ताजपोशी में आएंगे अमरेंदर; निमंत्रण स्वीकार, आज एकजुटता दिखाएगी पंजाब कांग्रेस

By: Jul 23rd, 2021 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

चंडीगढ के पंजाब कांग्रेस भवन में पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की शुक्रवार को ताजपोशी की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस समारोह के लिए कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह को उनके घर जाकर न्योता दिया। अमरेंदर सिंह ने सिद्धू के आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और शुक्रवार को जब सिद्धू औपचारिक रूप से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे तब अमरेंदर सिंह भी वहां मौजूद रहेंगे। इस बारे में सीएम के मीडिया एडवाइजर ने ट्वीट किया, जिसमें कैप्टन सिंह ने सभी कांग्रेस विधायकों, सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को सुबह दस बजे पंजाब भवन में चाय पर आने का न्योता दिया है। इस चाय पार्टी में सिद्धू भी शामिल होंगे। उसके बाद वे सभी कांग्रेस भवन जाएंगे, जहां प्रदेश कांग्रेस की नई टीम की 11 बजे ताजपोशी होनी है। उधर, पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने भी कहा कि पंजाब में सब ठीक है। शुक्रवार को आप देखेंगे कि पूरी कांग्रेस आपको कैप्टन अमरेंदर सिंह के नेतृत्व में एक साथ खड़ी दिखाई देगी और नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का स्वागत करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App