दुरढाला-नलोह संपर्क मार्ग का भूमि पूजन

By: Jul 26th, 2021 12:02 am

कार्यालय संवाददाता- सिहुंता
भटियात के विधायक एवं मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरयाल ने शनिवार को ग्राम पंचायत मोतला के नलोह वार्ड में पांच किलोमीटर लंबे दुरढाला-नलोह संपर्क मार्ग का विधिवत तरीके से भूमि पूजन करने की रस्म अदा की। इस संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य पर करीब 98 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। विधायक ने स्वयं जेसीबी मशीन चलाकर संपर्क मार्ग के कटाई का कार्य आरंभ किया। विक्रम सिंह जरयाल ने कहा कि लोगों की मांग के बावजूद कांग्रेस ने इस संपर्क मार्ग की कोई सुध नहीं ली। मगर भाजपा सरकार ने लोगों के दर्द को समझते हुए बजट का प्रावधान कर संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य आरंभ करवाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकाल में हल्के में सड़कों के नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। सड़क सुविधा से वंचित क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सड़क निर्माण में आड़े आने वाली निजी भूमि को स्वेच्छा से लोक निर्माण विभाग के नाम करें, जिससे हरेक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके।

उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का जिक्र करते हुए लोगों से इनका लाभ उठाने का आग्रह भी किया। उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें हर काम में खोट नजर आता है। मगर वह जानते हैं कि निंदा उसी की होती है जो कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भटियात को आदर्श हल्का बनाने को लेकर जनसहभागिता से विकास कार्यो को सिरे से चढ़ाया जा रहा है। तदोपरांत विधायक का पार्टी के मुख्य सचेतक पद पर नियुक्ति को लेकर तहसील मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं संग ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत करते हुए सिहुंता विश्राम गृह से नौण चौक तक जलूस भी निकाला। उन्होंने विधायक को मुख्य सचेतक बनने पर बधाई भी दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App