By-election : उपचुनाव के लिए भाजपा के संभावित प्रत्याशी तय, पढ़ें यह खबर

By: Jul 27th, 2021 12:08 am

संगठन के पदाधिकारियों ने सीएम से चर्चा के बाद तैयार किया पैनल

मस्तराम डलैल – शिमला

उपचुनावों के लिए भाजपा प्रत्याशियों का खाका शिमला के पीटरहॉफ में तैयार कर लिया गया है। इसमें फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई और अर्की विधानसभा सहित मंडी संसदीय क्षेत्र के संभावितों का पैनल तय किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में संगठन के उच्च पदाधिकारियों की सोमवार देर शाम तक मंत्रणा जारी रही। हालांकि संभावित प्रत्याशियों का यह पैनल अब हिमाचल प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा। इस आधार पर भाजपा का संसदीय बोर्ड उपचुनावों के प्रत्याशियों की घोषणा करेगा। सोमवार को पीटरहॉफ में संभावित चेहरों के चयन पर हुई मंत्रणा के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हिमाचल-हरियाणा व पंजाब के प्रभारी सोदान सिंह विशेष रूप से पहुंचे हैं।

इस बैठक में मुख्य मंत्री जयराम ठाकुर, सोदान सिंह, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सहप्रभारी संजय टंडन तथा संगठन मंत्री पवन राणा उपस्थित रहे। संगठन के इन प्रमुख नेताओं के साथ मुख्यमंत्री ने विधानसभा के तीनों उपचुनावों सहित मंडी संसदीय क्षेत्र के चुनावी रण को भेदने के लिए योजना बनाई है। माना जा रहा है कि उपचुनावों की घोषणा के बाद भाजपा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी कर दिया जाएगा। यही वजह है कि सत्तारूढ़ दल ने प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनावी रणनीति को लेकर पूरी तरह कमर कस ली है। इसी कड़ी में अब अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी डा. राजीव बिंदल को प्रभारी तथा स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल को सह-प्रभारी बनाया है। इससे पहले जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर सहित मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए प्रभारी तैनात कर दिए हैं। हालांकि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत प्रत्याशियों का अंतिम फैसला और घोषणा केंद्रीय संसदीय बोर्ड करता है। चूंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद हिमाचल से है, इस कारण उपचुनावों के प्रत्याशियों को लेकर भाजपा की पैनी नजर बनी हुई है। (एचडीएम)

चुनाव आयोग की बैठक आज

हिमाचल के उपचुनावों को लेकर मंगलवार को केंद्रीय चुनाव आयोग की अहम बैठक होगी। केंद्रीय चुनाव आयोग हिमाचल के राज्य चुनाव अधिकारी के साथ वन-टू-वन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। इस दौरान तीनों विधानसभा और संसदीय क्षेत्र मंडी के उपचुनावों को लेकर बड़ा संकेत मिलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के दोनों बड़े राजनीतिक दलों ने भी चुनावों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

चुनाव आयुक्त की ताजपोशी जल्द

हिमाचल प्रदेश के राज्य चुनाव आयुक्त की लंबे समय से लटकी ताजपोशी जल्द होने की संभावना है। उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में नया राज्य चुनाव आयुक्त मिल जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री के निजी प्रधान सचिव एवं एडवाइजर आरएन बत्ता के अलावा कई रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स के नाम चर्चा में है। इस पद के लिए पूर्व सीएस विनीत चौधरी, मनीषा नंदा, अजय मित्तल और पीसी कपूर का नाम भी चर्चा में हैं।

अर्की में मनमुटाव दूर करने के लिए भाजपा ने भेजे नेता

शिमला – अर्की विधासनभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनावों को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। नेताओं को यहां की जिम्मेदारी दे दी गई है। अब अर्की में चल रहे भाजपा के बीच गतिरोध को लगाम लगाने के लिए ये नेता यहां पर स्थानीय नेताओं से बात करेंगे। अब देखना है कि जिन्हें उपचुनावों को लेकर जिम्मेदारियां दी गई हैं, वे अर्की टिकट को लेकर चल रहे घमासान को शांत करवा पाएंगे या नहीं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने अर्की विधानसभा उपचुनाव के लिए विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल को प्रभारी, स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल को सह-प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल को संगठन समन्यक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उपचुनावों के मद्देनजर सांगठनिक तौर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हंै और पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इन उप-चुनावों में जनता के बीच जाएगी और जीत दर्ज करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App