वन महोत्सव के बहाने उपचुनाव को हुंकार भरेगी कांग्रेस

सौरभ शर्मा-सोलन
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव के बहाने कांग्रेस अर्की उपचुनाव को लेकर अपनी हुंकार भरेगी। जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन 28 जुलाई अर्की विस क्षेत्र के बाड़ीधार में 28 जुलाई को किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित जिला कांग्रेस प्रभारी, जिला से कांग्रेस विधायक व कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। जिला सोलन के अर्की विधानसभा में प्रस्तावित उपचुनाव को लेकर भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस ने भी अपनी सरगर्मियां तेज कर दी हैं। उपचुनाव में पार्टी की ताल ठोंकने के लिए कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की स्मृति में प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय वन महोत्सव को चुना है। अर्की के बाड़ीधार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर उपचुनाव के लिए कांग्रेस का बिगुल बजा देंगे। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे किया जाएगा और इस दौरान पौधारोपण किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा 25 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रदेशभर में स्व. वीरभद्र सिंह की स्मृति में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

सोलन के अर्की में प्रस्तावित उपचुनाव को देखते हुए इस विधानसभा क्षेत्र के बाड़ीधार में 28 जुलाई को जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। वन महोत्सव के मंच से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उपचुनाव को लेकर हुंकार भरी जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर करेंगे। इस कार्यक्रम के बहाने कुलदीप राठौर अर्की के कार्यकर्ताओं की नब्ज भी टटोलेंगे और उनमें उपचुनाव को लेकर जोश भी भरेंगे। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी केवल सिंह पठानिया, सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, नालागढ़ के विधायक लखविंदर राणा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल सहित अन्य वरिष्ठ नेता और पार्टी के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। (एचडीएम)