कर्मचारियों को साथ लेकर चले महासंघ, प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ को नसीहत

By: Jul 22nd, 2021 12:12 am

शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ को दी नसीहत

राज्य ब्यूरो प्रमुख-शिमला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारी महासंघ को बड़ी नसीहत देते हुए कहा कि सबको साथ लेकर चलने में बेहतरी होगी। सीएम का कहना था कि अगर महासंघ सभी कर्मचारियों को साथ लेकर चलेगा तो यह मेरे लिए सबसे खुशी की बात होगी। अपने संबोधन में भावुक हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि अब तक के सभी सीएम के लिए मुख्यमंत्री का सामान्य कार्यकाल रहा है। इस बार कोविड के चलते परिस्थितियों बिलकुल अलग हैं। इस कारण कई चुनौतियों से निपटना पड़ रहा है। सीएम ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी राज्य की रीढ़ हैं और कोरोना काल में सभी ने शानदान काम किया है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने कर्मचारियों की उचित मांगों को समय-समय पर पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने ऑकओवर में अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर के नेतृत्व में भेंट करने आए हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी किसी भी सरकार की रीढ़ होते हैं। प्रदेश सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी सरकार के स्तंभ होते हैं, जिनके कंधों पर सरकार की नीतियां कार्यान्वित करने का दायित्व होता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों ने प्रदेश में कोविड के प्रभावी प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शीघ्र ही कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित करेगी, ताकि उन्हें सरकार के साथ अपने मुद्दे उठाने का अवसर मिल सके। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य में संपूर्ण एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों द्वारा उन्हें पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से जेसीसी की बैठक को बुलाने का भी आग्रह किया, ताकि कर्मचारी अपने विभिन्न मुद्दे एवं मांगें सरकार के समक्ष रख सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App