केंद्र की ओर से नेताओं-पत्रकारों की जासूसी करवाने पर हरियाणा कांग्रेस का प्रदर्शन, कई गिरफ्तार

By: Jul 22nd, 2021 4:24 pm

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी विवेक बंसल तथा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस ने इजरायली स्पाइवेयर पेगासस के माध्यम से केंद्र सरकार की ओर से असंवैधानिक तरीके से जासूसी कराए जाने के विरोध में गुरुवार को रोष प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस मुख्यालय से हरियाणा राजभवन तक जाना था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने रोष प्रदर्शन को रास्ते में ही रोक दिया और पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके विभिन्न थानों मेें ले गए।

रोष प्रदर्शन से पहले बैठक को संबोधित करते हुए श्री बंसल ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत देश के विपक्षी नेताओं, सम्मानित न्यायधीशों, पत्रकारों तथा संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की मोदी सरकार की ओर से जासूसी करवा कर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया है।

उन्होंने कहा कि मीडिया में खुलासा होने के बाद पता चला है कि मोदी सरकार ने न केवल राहुल गांधी और उनके कार्यालय के कर्मचारियों के टेलीफोन हैक किए, बल्कि अपने मंत्रियों के सेल फोन भी हैक किए। मोदी सरकार ने ऐसा करके न केवल देश की छवि धूमिल की है बल्कि निजता के अधिकारों का भी हनन किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App