आईपीएल की तर्ज पर खो-खो लीग, खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने तैयार किया खाका, एमएस त्यागी का खुलासा

By: Jul 22nd, 2021 12:06 am

खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने तैयार किया खाका; सोलन में महासचिव एमएस त्यागी का खुलासा, देश भर की आठ टीमें बनेंगी हिस्सा

स्टाफ रिपोर्टर— सोलन

इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर अब देश में खो-खो लीग का भी आयोजन किया जाएगा। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इस लीग का खाका तैयार कर लिया। इसी वर्ष नवंबर में प्रस्तावित इस लीग में न केवल देशी, बल्कि विदेशी खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। लीग में फ्रेंचाइजी आधार पर आठ टीमें बनाई गई हैं, जिनमें दिल्ली सहित मुंबई, पुणे, बंगलूर, जयपुर व चेन्नई में खेले जाएंगे। लीग के शुरू होने से देश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेले जाने वाले इस प्राचीन खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाने में सहायता मिलेगी। यह खुलासा खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एमएस त्यागी ने किया। वह बुधवार को सोलन में आयोजित हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए थे।

‘दिव्य हिमाचल’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश में क्रिकेट के बाद खो-खो सर्वाधिक लोकप्रिय खेलों में से एक है। आठ टीमों में विदेशी खिलाडिय़ों के लिए पांच प्रतिशत कोटा निर्धारित किया गया है। लीग से देश के खिलाडिय़ों का प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। एमएस त्यागी ने बताया कि हिमाचल में खो-खो को बढ़ावा देने के लिए धर्मशाला में लड़कियों की खो-खो अकादमी संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार फेडरेशन को भूमि उपलब्ध करवाती है, तो हिमाचल में एक नई अकादमी स्थापित की जाएगी।

मैट पर खेलेंगे प्रदेश के होनहार

प्रदेश के खो-खो खिलाड़ी अब मैट पर खेल सकेंगे। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एमएस त्यागी ने प्रदेश संघ को एक मैट देने की घोषणा की है। मैट मिल जाने के बाद प्रदेश के खो-खो खिलाड़ी मैट पर खेलेंगे और प्रैक्टिस भी कर सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App