सांप के काटने से मजदूर की मौत

स्टाफ रिपोर्टर-सुंदरनगर
निर्माणाधीन नागचला मनाली फोरलेन में कार्यरत एक मजूदर की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक मुनी लाल पुत्र लाल मन 46 साल का था, जो गांव मंडी जिला की बल्ह घाटी के गांव टिक्करी मैरामसीत का रहने वाला था तथा मंडी के पास बन रही फोरलेन की टनल में कार्यरत मजदूरों के लिए खाना बनाने का काम करता था। मजदूरों के प्रधान सोहन सिंह ने बताया कि मुनी लाल रोजाना की तरह सोया हुआ था। रात एक बजे उसे ऐसा लगा कि किसी चीज ने उसे काटा है। जब वह बाहर की ओर निकला तो उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। उसने अपने साथियों को जगाया और अपनी हालत बताई।

गंभीर देख कर साथी उसे जोनल अस्पताल मंडी ले गए जहां डाक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया व टेस्ट आदि लिए मगर सुबह पांच बजे उसकी मौत हो गई। उसका शरीर नीला पड़ गया तथा गले में उसके सांप काटने का निशान भी बन गया था। मृतक की दो छोटी छोटी बेटियां व एक छोटा बेटा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। प्रधान व अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे परिवार को पालने वाला मजदूर मौत का शिकार हो गया और अब उसका परिवार बेसहारा हो गया। ऐसे में उस परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक मदद दी जाए। कंपनी व अन्य मजदूरों ने कुछ पैसा जोड़ कर उसके परिजनों की फौरी मदद की है।