पार्टी चाहेगी तो मंडी के रण में उतरेंगे महेश्वर सिंह

By: Jul 23rd, 2021 12:56 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कहा कि पार्टी आदेश करे तो वह मंडी के रण में जरूर कूदेंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि उपचुनावों में वह इस सीट को फतह कर भाजपा की झोली में डालेंगे। महेश्वर सिंह ने इन दिनों अपना जन संपर्क अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को लगघाटी की ग्राम पंचायत भल्याणी के जठानी तथा खारखा गांव में महेश्वर सिंह ने जनसभाओं को संबोधित किया। पूर्व सांसद ने इस दौरान जनसमस्याएं भी सुनीं। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इस मौके पर जठानी गांव के ईश्वर दास ठाकुर तथा शेर सिंह ठाकुर ने सरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त होने के बाद भाजपा का दामन थामा। महेश्वर सिंह ने फूल मालाएं पहनाकर दोनों का पार्टी में स्वागत किया।

जिला मुख्यालय से सटी लगघाटी के प्रवास पर पहुंचे पूर्व सांसद महेश्वर सिंह का स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी कांग्रेस पर भारी पड़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उपचुनावों के लिए आग्रह भी किया। महेश्वर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार ही बनेगी। इस मौके पर जिला भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी खुशहाल सिंह राठौर, मंडल महामंत्री सरवण, पूर्व मंडलाध्यक्ष प्रताप, मंडल सचिव देवेंद्र सिंह, आईटी सेल के मंडल संयोजनक चमन लाल, वरिष्ठ नेता मोहर सिंह, भल्याणी बूथ के पूर्व अध्यक्ष चुनी लाल, ग्राम केंद्र अध्यक्ष मोहर सिंह आदि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App