प्राकृतिक खेती को मिला बढ़ावा, किसानों की आय को दोगुना करना है लक्ष्य: सीएम

By: Jul 1st, 2021 12:08 am

सीएम जयराम ठाकुर बोले 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करना है लक्ष्य

राज्य ब्यूरो प्रमुख – शिमला

राज्य में प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा देते हुए वर्ष 2022 में किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कृषि विभाग की प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की राज्य परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा रियलाइजेशन ऑफ मिशन नेचुरल फार्मिंग एमंग स्मॉल होल्डर्ज विषय पर आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती की ओर किसानों का रुझान बढ़ा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना का क्रियान्वयन कर रही है। इससे न केवल फसलों की पैदावार बढ़ेगी, बल्कि किसानों की लागत में भी कमी आएगी। वर्ष 2018 में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए पहले बजट में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया था।

यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के सपने को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी 9.61 लाख किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि 1.28 लाख किसान पहले से ही प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और वे अन्य लोगों को भी इसे अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस दौरान कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राज्य में सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। पद्मश्री सुभाष पालेकर ने रासायनिक और जैविक खेती की जगह प्राकृतिक खेती करने से होने वाले विभिन्न लाभों के बारे में वर्चुअली माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रदान की। कृषि सचिव डा. अजय शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

नीति आयोग करेगा हिमाचल की मदद

नीति आयोग के उपाध्यक्ष डा. राजीव कुमार ने राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नीति आयोग प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों और उनकी आर्थिकी पर होने वाले प्रभावों के संबंध में भी डाटा तैयार किया जाना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App