बारिश-दवाई टीकाकरण में रोड़ा

By: Jul 22nd, 2021 12:08 am

प्रदेश में 31 जुलाई तक वैक्सीनेशन टारगेट पूरा करना विभाग के लिए बना चुनौती

खेमराज शर्मा-शिमला

स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में 31 जुलाई तक 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा है, लेकिन विभाग के लिए तय डेट तक लक्ष्य को पूरा करना चुनौती है। जहां एक और राज्य में मानसून सक्रिय है और लोग कम ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। साथ ही वैक्सीन की कमी भी विभाग के सामने रोड़ा अटका रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अगर वैक्सीन इसी तरह मिलती रही तो टारगेट पूरा करने का समय आगे खिसक सकता है। फिलहाल राज्य में 18 से 44 आयु वर्ग वालों के लिए वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम चला हुआ है। हिमाचल में 55 लाख आबादी को टीका लगाया जाना है। यह आयु वर्ग 18 साल से ऊपर का है। ऐसे में राज्य में अभी तक 45 लाख 55 हजार 584 लोगों को कोविड से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। यह 82.82 प्रतिशत बनता है। इसके अलावा राज्य में 34 लाख 60 हजार 493 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है।

यह 62.91 फीसदी है। हिमाचल वैक्सीनेशन मामलों में देशभर में पहले स्थान पर चला हुआ है, जबकि 10 लाख 95 हजार 091 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। यह 19.91 फीसदी बनता है। वर्तमान में राज्य में 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग के लोगों को दूसरी डोज लगाए जाने का सिलसिला जारी है। रोजाना 25 से 30 हजार लोगों को दूसरी खुराक दी जा रही है। 18 से 44 आयु वर्ग की 31 लाख आबादी को टीका लगना है। 12 लाख 84 हजार 248 को यह वैक्सीन की पहली डोज लगी है। यह 41.42 फीसदी बनता है। अभी भी करीब 27 लाख आबादी को टीका लगना बाकी है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी का कहना है कि पहले 31 जुलाई तक वैक्सीनेशन लगाने का टारगेट रखा गया है, अगर वैक्सीन मिलती रही, तो अब इसे 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App