शिमला आरएम तबादला…एचआरटीसी के पहिए थमे

By: Jul 25th, 2021 12:56 am

प्राइवेट बस ऑपरेटरों की मनमानी के खिलाफ नाहन डिपो में जोरदार प्रदर्शन

सिटी रिपोर्टर—नाहन
प्राइवेट बस ऑपरेटर की मनमानी से आरएम शिमला पर तबादले की गिरी गाज का विरोध प्रदेश व्यापी प्रदर्शन व चक्का जाम के साथ हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन डिपो में भी पूरी तरह से प्रभावी रहा। शनिवार को 12 बजे तक कोई भी निर्णय तबादले को रोकने पर नहीं होने के चलते एचआरटीसी चालक-परिचालक, वर्कशॉप कर्मचारियों सहित अड्डे के गेट पर बसों के पहिए जाम कर दिए। वहीं, निगम प्रबंधन, प्रदेश सरकार, आरटीओ शिमला के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए आरएम देवा सिंह नेगी की तुरंत प्रभाव से तबादले के निर्णय को वापस लेने के लिए नारेबाजी की गई। इस दौरान एचआरटीसी चालक-परिचालक कर्मचारियों ने कहा कि प्राइवेट ऑपरेटर की मनमानी के चलते ही आज प्रदेश में किराया सर्वाधिक हो गया है, जिससे निगम सहित यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ से जूझना पड़ रहा है।

निगम नाहन डिपो के चालक-परिचालक पदाधिकारियों ने कहा कि प्राइवेट बस ऑपरेटर के दवाब में निगम की बसों से पांच मिनट पूर्व रूट जारी कर सरकार के खजाने को चूना लगाने का कार्य किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि एचआरटीसी के चालक-परिचालक ईमानदारी से दिन-रात ड्यूटी कर लोगों को दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। बावजूद इसके एचआरटीसी को गलत नीतियों के चलते निगम की बसों से पूर्व रूट जारी कर माली हालत को पतला किया जा रहा है। यही नहीं, आरएम शिमला देवा सिंह नेगी को इस निर्णय को नकारने के चलते ट्रांसफर कर तोहफा दिया गया है, जिसका यूनियन पूरजोर विरोध कर रही है। वहीं, जब तक आरएम देवा सिंह नेगी को बहाल नहीं किया जाएगा, तब तक निगम के पहिए जाम रहेंगे। इस दौरान बस अड्डे पर किसी भी निजी बस को प्रवेश नहीं करने दिया गया। वहीं, निगम के अंतरराज्यीय बस रूट भी प्रभावित हुए।

राजगढ़ में भी जमकर नारेबाजी
राजगढ़। क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला ग्रामीण देवासेन नेगी के तबादला रद्द करने की मांग को लेकर राजगढ़ में भी एचआरटीसी के कर्मचारी शनिवार को हड़ताल पर चले गए। प्रदेश स्तरीय आह्वान पर शनिवार दोपहर बाद राजगढ़ बस स्टैंड में चालक, परिचालक व निगम के अन्य स्टाफ ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही राजगढ़ बस स्टैंड से चलने वाली विभिन्न रूटों पर कोई भी बस सेवा दोपहर बाद नहीं चलाई। ऐसे में एचआरटीसी बस सेवा पूरी तरह से ठप्प रही। एचआरटीसी कर्मचारियों ने राजगढ़ बस स्टैंड के गेट पर नारेबाजी करते हुए चक्का जाम कर दिया। साथ ही यह भी ऐलान किया कि जब तक आरएम का तबादला रद्द नहीं किया जाता तब तक एचआरटीसी की सेवा ठप्प रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App