सिद्धू ने संभाली पंजाब कांग्रेस की कमान, मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह भी कार्यक्रम में हुए शामिल

By: Jul 24th, 2021 12:08 am

चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को औपचारिक तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित समारोह में सिद्धू के अलावा चारों कार्यकारी प्रधानों कुलजीत नागरा, सुखविंदर सिंह डैनी, संगत सिंह और पवन गोयल की भी ताजपोशी की गई। मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए, लेकिन उनके और सिद्धू के बीच दूरियां साफ  नजर आईं।

 पंजाब कांग्रेस के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में डेढ़ घंटे चले इस प्रोग्राम में  कैप्टन और सिद्धू स्टेज पर अगल-बगल में बैठे थे, लेकिन दोनों के बीच न कोई बात हुई और न ही एक दूसरे से नजरें मिलाईं। यही नहीं, कैप्टन ने तो अपने संबोधन में सिद्धू और उनके परिवार का जिक्र किया, लेकिन सिद्धू ने अपने भाषण में कैप्टन का नाम तक नहीं लिया। इस प्रोग्राम में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत के अलावा पार्टी के ज्यादातर विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व पार्टी प्रधान और दूसरे बड़े नेता भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App