हिमाचल में कंबाइन हार्वेस्टर बनाएगी सोनालीका

By: Jul 22nd, 2021 12:08 am

ऊना जिला के अंब में 29 एकड़ पर 200 करोड़ से लगाया प्लांट, 25.5 लाख ‘सोनालीका सम्राट’ लांच

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

सोनालीका समूह के लिए किसानों की आवश्यकताओं को समझना और ऐसी महत्त्वपूर्ण जरूरतों को पूरा करने के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पादों को वितरित करना सर्वोपरि रहा है। भारत में मौजूद सबसे बड़े हार्वेस्टर प्लांट में एक फैसिलिटी का निर्माण करते हुए कंपनी ने एक बड़ी छलांग लगाई है। हिमाचल प्रदेश के अंब में 200 करोड़ के निवेश के साथ नई तथा उच्च तकनीकों से लैस प्लांट से कंपनी उन्नत गुणवत्ता वाले हार्वेस्टर बनाएगी। 29 एकड़ में फैला सोनालीका का नया प्लांट मल्टीस्टेज सीईडी (कैथोड इलेक्ट्रिक डिपोजिशन) पेंट प्रक्रिया के साथ डिजाइन किया गया है, जिसे अकसर कार निर्माण सुविधाओं में देखा जाता है। 18 करोड़ के निवेश के साथ स्थापित सीईडी पेंट लाइन में 14 चरण की प्रक्रिया शामिल है, जो हार्वेस्टर को रस्ट-फ्री रखेगी और लंबी अवधि तक बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करेगी। इसी के साथ ही सोनालीका ने भारत में उपलब्ध सबसे उन्नत हार्वेस्टर, ‘सोनालीका सम्राट’ को आकर्षक कीमत 25.5 लाख में लांच किया है।

यह हार्वेस्टर पूरी तरह से बेहतरीन तकनीकों से लैस है, जो न केवल फसल कटाई के दौरान कठिन श्रम कार्यों को कम करता है बल्कि किफायती भी रहता है, जिससे किसानों को काफी बचत होती है। सोनालीका का नया कंबाइन हार्वेस्टर फसल की उपज को अधिकतम करेगा, किसी भी फसल के नुकसान को कम करेगा। यह कटाई, थ्रेशिंग और विनोइंग जैसे कार्यों में किसानों के लिए मददगार साबित होगा। यह हार्वेस्टर किसानों के लिए गेहूं, धान, जौ, सोयाबीन, सूरजमुखी, सरसों, हरे चने, काले चने की कटाई के दौरान आसानी से अधिकतम उपज प्राप्त करने के लिए डिजाइन किया है। रमन मित्तल कार्यकारी निर्देशक ने कहा हर विकास के दौरान किसानों को पहले स्थान पर रखना हमेशा से ही सोनालीका के डीएनए में रहा है। किसान खेती में लगातार ऐसी तकनीकों की तलाश में रहते हैं, जिससे उनकी उत्पादकता और दक्षता को किफायती तरीके से बढ़ाया जा सके। अंब, हिमाचल प्रदेश में हमारा नया प्लांट विश्व स्तरीय प्रौद्योगिकियों के साथ स्थापित किया गया है ताकि उच्च तकनीक वाले हार्वेस्टर का निर्माण किया जा सके जो उत्पादकता में वृद्धि करने में सक्षम हों।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App