आज चार इवेंट में मेडल पर दांव, तीरंदाजी मिक्स्ड इवेंट; शूटिंग, वेटलिफ्टिंग में दिखाएंगे दम

By: Jul 24th, 2021 12:08 am

टोक्यो में चल रहे ओलंपिक में शनिवार से अलग-अलग खेलों में मेडल राउंड की शुरुआत हो रही है। शनिवार को 11 इवेंट में मेडल का फैसला होगा। इनमें से चार इवेंट में भारतीय खिलाड़ी भी मेडल के दावेदार हैं।

तीरंदाजी-मिक्स्ड इवेंट में दम दिखाएंगे दीपिका-प्रवीण जाधव

तीरंदाजी के मिक्स्ड इवेंट के तमाम नॉकआउट मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे। भारत की दीपिका कुमारी और प्रवीण जाधव की जोड़ी को नौवीं रैंक मिली है। यह रैंक शुक्रवार को हुए रैंकिंग राउंड के प्रदर्शन के आधार पर मिली है। प्री क्वार्टर फाइनल में दीपिका-प्रवीण का सामना चीनी ताइपे के एन चाइना लिन और चुन चिन तांग की जोड़ी से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह छह बजे शुरू होगा। मेडल अपने नाम करने के लिए भारतीय जोड़ी को शनिवार को तीन मुकाबले जीतने होंगे। साउथ कोरिया इस खेल में पावर हाउस है।

वेटलिफ्टिंग की उम्मीद मीराबाई चानू

शनिवार को वेटलिफ्टिंग में वल्र्ड रिकार्ड बनाने वाली मीराबाई चानू से भी मेडल की उम्मीद होगी। चानू महिलाओं की 49 किलोग्राम वेट कैटेगरी में उतरेंगी। चानू ने इसी साल अप्रैल में ताशकंद में इस वेट कैटेगरी के क्लीन एंड जर्क इवेंट में 119 किलोग्राम वेट उठाकर वल्र्ड रिकार्ड बनाया था। चानू के इवेंट का ग्रुप बी राउंड सुबह 6:20 बजे से और ग्रुप ए राउंड (मेडल राउंड) सुबह 10:20 बजे से शुरू होगा।

शूटिंग में भारतीय साधेंगे निशाना

शूटिंग में शनिवार को 10 मीटर एयर राइफल वूमंस और 10 मीटर एयर पिस्टल मेंस इवेंट होंगे। दोनों में भारतीय खिलाड़ी मेडल के दावेदार हैं। वूमंस इवेंट में इलानेनिस वलाविरन और अपूर्वी चंदेला और मेंस इवेंट में सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा भारत की ओर से निशाना साधेंगे। इनमें सौरभ चौधरी से मेडल की सबसे ज्यादा उम्मीद है।

48 किलोग्राम वर्ग में उतरेेगी सुशीला

जूडो में महिलाओं की 48 किलोग्राम वेट कैटेगरी के राउंड ऑफ 32 में भारत की सुशीला देवी लिकमाबाम सुबह 7:30 बजे उतरेंगी। बैडमिंटन में मेंस डबल्स ग्रुप स्टेज में भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी का सामना चीनी ताइपे की जोड़ी से होगा। यह मैच सुबह 8:50 बजे से खेला जाएगा। बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत के साई प्रणीत का सामना इजराइल के जिल्बरमैन मिशा से सुबह 9:30 बजे से होगा।

न्यूजीलैंड के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी पुरुष हाकी टीम

ओलंपिक में आठ गोल्ड मेडल जीत चुकी भारतीय पुरुष हाकी टीम शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं, महिला टीम का मुकाबला नीदरलैंड्स से होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App