वन महोत्सव…सिरमौर में लगाए 11 हजार पौधे

By: Jul 22nd, 2021 12:55 am

नाहन विला राउंड से उपायुक्त ने किया जिलास्तरीय महा अभियान का शुभारंभ

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—नाहन
उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने जिला स्तरीय पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ नाहन के विला राउंड में पौधा रोपकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस अभियान को दिल से जोड़ें और रोपित किए गए पौधों की आजीवन देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके। आज पूरे जिला में लगभग 11,300 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर डा. खुशाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर और सहायक आयुक्त प्रियंका चंद्रा, उपाध्यक्ष एमसी नाहन अविनाश गुप्ता, पार्षद मधु अत्री सहित अन्य अधिकारियों व नेहरू युवा केंद्र, रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स, होमगार्ड के जवान, पुलिस के जवान, एनसीसी, एनएसएस, पर्यावरण संरक्षण समिति, इन्नरव्हील क्लब नाहन क्लासिक के सदस्यों ने भी पौधारोपण किया। इस दौरान एमसी क्षेत्र नाहन में 100 से अधिक पौधे रोपित किए गए।

इसके अतिरिक्त केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन में 500 पौधे रोपित किए गए। उपमंडल नाहन के जोहड़ों में 550 पौधे, नाहन पंचायत की धार क्यारी में 2200 पौधे और कमलाड़ की खैरी चांदण में 1100 पौधे रोपित किए गए। पौधारोपण महाअभियान के तहत उपमंडल पांवटा साहिब में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की मदद से लगभग 1000 पौधे रोपित किए गए। इसी प्रकार राजगढ़ उपमंडल के तहत आरक्षित वन राजगढ़ सी-2 में लगभग आधे हेक्टेयर भूमि पर देवदार के 150 पौधे और हाब्बन के शिलांजी में मिडल स्कूल के साथ लगती एक हेक्टेयर भूमि पर लगभग 800 पौधे रोपित किए गए। उपमंडल शिलाई के ग्वाली पशमी में दो हेक्टेयर भूमि पर लगभग 2200 पौधे 170 स्वयंसेवकों के सहयोग से रोपित किए गए। उपमंडल पच्छाद के बाग पशोग में 125 स्वयंसेवकों की सहायता से दो हेक्टेयर भूमि पर 500 देवदार के पौधे तथा नारग में 50 स्वयंसेवकों की सहायता से एक हेक्टेयर भूमि पर 600 पौधे रोपित किए गए। संगड़ाह उपमंडल के दियुड़ी खड़ाह में 150 स्वयंसेवकों की सहायत से देवदार के 1600 पौधे रोपित किए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App