शहीद रोशन लाल खेल मैदान को 13 लाख

ललित वर्मा-कंडाघाट
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल सहित समूचे उत्तर भारत के लिए स्वच्छ पर्यावरण एवं वन संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा प्रदेश सरकार वन संरक्षण एवं संवर्धन के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। राकेश पठानिया सोमवार को सोलन जिला के कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा के डूमैहर में 72वें वृत्त स्तरीय वन महोत्सव एवं त्रिदेव वाटिका का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पीपल का पौधा रोपित कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देवदार, बानए दाड़ू, बेल पत्र, केला तथा पीपल के 400 से अधिक पौधे रोपे गए। इस दौरान युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री ने हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक्स में भारत द्वारा सात पदक जीतने पर खिलाडिय़ों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की हाकी टीम ने हिमाचल के चंबा जिला के एक खिलाड़ी भी शामिल था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस खिलाड़ी को प्रोत्साहन स्वरूप एक करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार तथा पुलिस विभाग में उपाधीक्षक का पद देने की पेशकश की है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और उचित संसाधन एवं सुविधाएं देकर इन प्रतिभाओं को निखारा जा रहा है। राकेश पठानिया ने कहा कि क्षेत्र की क्यारी खिन्ना, चायल-टिक्कर मार्ग की वन स्वीकृति तथा इंडोर स्टेडियम सोलन की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायत पौधना के पपलोल स्थित शहीद रोशन लाल खेल मैदान, ग्राम पंचायत रहेड़ के टिक्करी-टणांजी स्थित खेल मैदान तथा ग्राम पंचायत कनैर के कनैर घाटी स्थित खेल मैदान के लिए 13-13 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी समिति के सदस्य डा. राजेश कश्यप ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की विकासात्मक मांगों से अवगत करवाया। भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। ग्राम पंचायत छावशा के प्रधान ज्ञान सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।