असम के सीएम पर एफआईआर, मिजोरम पुलिस ने हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया

By: Aug 1st, 2021 12:10 am

एजेंसियां — गुवाहाटी

असम-मिजोरम सीमा विवाद के बीच मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, चार सीनियर पुलिस अधिकारियों और दो एडमिन ऑफिशियल्स संग 200 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ ‘हत्या के लिए उकसाने’ से लेकर हथियार अधिनियम के उल्लंघन सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है, जिससे दोनों राज्यों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। उधर, इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने ऊपर हुई एफआईआर को लेकर कहा कि वह जांच में शामिल होने को तैयार हैं।

हालांकि उन्होंने यह भी पूछा कि जब घटना असम की सीमा के अंदर हुई है तो इसकी जांच कोई निष्पक्ष जांच एजेंसी क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने ट्वीट करके बताया कि यही बात वह मिजोरम के मुख्यमंत्री से भी कह चुके हैं। बता दें कि यह प्राथमिकी कोलासिब जिला के वैरेंगटे थाने में दर्ज की गई है, जिसमें श्री सरमा, असम के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग अग्रवाल, कछार के पुलिस उप महानिरीक्षक देवज्योति मुखर्जी, कछार की उपायुक्त  कीर्ति जल्ली, कछार जिला के वन अधिकारी सन्नीदेव चौधरी, कछार के पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत निंबलकर, धोलाई थाने के ओसी साह उड्डी के नाम शामिल हैं।

असम-नागालैंड के बीच सुलझा सीमा विवाद सुरक्षाबल हटाने के लिए राजी दोनों राज्य

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर राज्य असम का सिर्फ मिजोरम ही नहीं नागालैंड के साथ भी सीमा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को इस विवाद का पटाक्षेप हो गया। दोनों राज्य अपनी सीमाओं से सुरक्षाबलों को हटाने के लिए तैयार हो गए हैं। दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों ने इस संबंध में एक समझौता पत्र पर साइन किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने इसको लेकर नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App