उपचुनाव से पूर्व बूथ स्तर पर मजबूत होगी कांग्रेस, 21 दिन के भीतर गठित करनी होगी बूथ स्तर की कमेटियां

By: Sep 15th, 2021 12:07 am

राठौर का दावा, 21 दिन के भीतर गठित करनी होगी बूथ स्तर की कमेटियां

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – केलांग

मंडी संसदीय क्षेत्र और तीन अन्य विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस रणनीति के तहत कार्य कर रही है। सर्वप्रथम बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर बल दिया जा रहा है। इसी के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने बूथ स्तर की कमेटियों के गठन के निर्देश दिए है। 21 दिन के भीतर बूथ स्तर की कमेटियों का गठन करने के सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने केलांग में पत्रकार वार्ता के दौरान इसका खुलासा किया। गौरतलब है कि सोमवार को कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने जन आक्रोश रैली का आयोजन किया था। कुलदीप ठाकुर ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में इस तरह की रैलियों का आयोजन किया जाएगा, लेकिन इससे पहले पार्टी को और अधिक मजबूत करने पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए बूथ स्तर की कमेटियों को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए 21 दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार बूथ स्तर के पदाधिकारियों को कांग्रेस पार्टी आईकार्ड जारी करेगी।

प्रदेश में बिगड़ गई है कानून व्यवस्था
प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरी तरह से गड़बड़ा गई है। अधिकारी एक दूसरे को थप्पड़ मार रहे हैं। मुख्यमंत्री की गरिमा का भी ख्याल नहीं रखा जा रहा। मुख्यमंत्री के सामने ही मंत्री और नेताओं में धक्कामुक्की हो रही है। यह सही नहीं है। नेताओं में मतभेद होते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के पद की गरिमा का भी ध्यान रखना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App