कैप्टन सरकार का बड़ा फैसला, पंजाब में अवार्डी सैन्य कर्मियों के भत्तों में 80 फीसदी बढ़ोतरी

By: Sep 15th, 2021 12:08 am

विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन सरकार का बड़ा फैसला

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कैप्टन अमरेंदर सिंह की सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए बहादुरी, विशेष सेवा अवार्डियों, उनकी विधवाओं के मासिक भत्ते में 80 प्रतिशत की वृद्धि की है। रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि बहादुरी और विशेष पुरस्कारों के कुल 2044 विजेताओं में से परमवीर चक्र विजेताओं का भत्ता बढ़ा कर 41580 रुपए किया गया है। इसी तरह छह अशोक चक्र अवार्डियों को 18480 रुपए की बजाय अब 33264 रुपए भत्ता मिलेगा। 11 महावीर चक्र अवार्डियों को अब 17556 रुपए की बजाय 31601 रुपए मिलेंगे। इसी तरह 24 कीर्ति चक्र विजेताओं का मासिक भत्ता भी बढ़ाकर 24948 रुपए कर दिया गया है तथा 127 वीर चक्र पुरस्कार विजेताओं को अब 18295 रुपए मिलेंगे। इसी तरह 165 शौर्य चक्र विजेताओं को अब 6480 रुपए की बजाय 11664 रुपए भत्ता मिलेगा। इसके अलावा, सेना /नौ सेना / वायु सेना मेडल (बहादुरी) पुरस्कार प्राप्त करने वाले कुल 662 विजेताओं को अब 3100 रुपए की बजाय 5580 रुपए मिलेंगे।

मैनशनड इन डिस्पैचस (एमआईडी) (बहादुरी) के 277 अवार्डियों को 1550 रुपए की बजाय 2790 रुपए मिलेंगे। मिलिट्री क्रास अवार्डियों की दो विधवाओं को 11550 रुपए की बजाय अब 20790 रुपए मिलेंगे। इसके अलावा पहले मिलिट्री मैडल अवार्डियों के तीन लाभार्थियों को 5400 रुपए से बढ़ा कर 9720 रुपए दिए जाएंगे। ज्ञातव्य है कि भारतीय विशेष सेवा मेडल (आईडीएसएम) अवार्डियों के तीन लाभार्थियों को अब 1500 रुपए से बढ़ा कर 2790 रुपए मिलेंगे। चार सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल अवार्डी 770 रुपए की बजाय अब 1386 रुपए प्राप्त करेंगे। इसके अलावा, परम विशिष्ट सेवा मैडल के 98 विजेताओं को 700 रुपए के मुकाबले 1260 रुपए दिए जाएंगे। उत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित नौ अवार्डियों को 620 रुपए अब की बजाय 1116 रुपए मिलेंगे। इसी तरह 171 अति विशिष्ट सेवा मेडल अवार्डियों को 540 रुपए की बजाय 972 रुपए मिलेंगे। युद्ध सेवा मेडल के 47 विजेताओं को 470 रुपए से बढ़ा कर 846 रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही 84 सेना /नौ सेना /वायु सेना मैडल (विशेष) अवार्डियों को 400 रुपए के मुकाबले 720 रुपए दिए जाएंगे। विशिष्ट सेवा मेडल के 339 अवार्डियों को 400 रुपए की बजाय 720 रुपए मिलेंगे। इसके अलावा 12 एमआईडी (विशेष) विजेताओं को अब 310 रुपए की जगह 558 रुपए मिलेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App