हो गई मणिमहेश यात्रा, ड्यूटी से लौटेंगे कर्मचारी, शाही न्हौण के साथ अधिकारिक तौर पर यात्रा का समापन

By: Sep 15th, 2021 12:06 am

कार्यालय संवाददाता – भरमौर

उतर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा का मंगलवार को अधिकारिक तौर पर समापन हो गया है। राधा अष्टमी पर्व पर मणिमहेश डल झील में हुए शाही स्नान में सीमित संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। मंगलवार दोपहर बाद तीन बजकर तीन मिनट पर शाही स्नान संपन्न हुआ। लिहाजा स्नान का शुभ मुहूर्त समाप्त होने के साथ ही यात्रा भी अधिकारिक तौर पर संपन्न हो गई है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को दोपहर बाद तीन बजकर एक मिनट पर राधा अष्टमी का शाही न्हौण पवित्र डल झील में आरंभ हुआ था। शाही न्हौण से पहले संचूई के शिव चेलों ने डल तोडऩे की सदियों से चली आ रही परंपरा को निभाया, जिसके बाद शाही न्हौण का शुरू हुआ। यह सिलसिला मंगलवार तीन बजकर तीन मिनट पर थमा। स्नान की इस अवधि में सीमित संख्या में श्रद्धालुओं ने डल में आस्था की डुबकी लगाई।

अहम है कि वैश्विक कोरोना माहामारी के चलते प्रदेश सरकार ने मणिमहेश यात्रा को सांकेतिक रूप से ही मनाने का फैसला लिया गया था। नतीजतन यात्रा के दौरान सदियों से चली आ रही परंपराओं का निर्वहन किया गया। इसमें संचूई के चेलो द्वारा डल तोडऩे के अलावा दशनामी अखाड़ा की छड़ी यात्रा के साथ साथ भद्रवाहियों की छडिय़ों ने पवित्र स्नान कर सदियों से चली आ रही परंपराओं को निभाया। उधर, एडीएम भरमौर एवं मणिमहेश न्यास के अध्यक्ष डा. संजय कुमार धीमान ने कहा कि शाही स्नान संपन्न होने के साथ ही मणिमहेश यात्रा का अधिकारिक तौर पर समापन हो गया है। उन्होंने कहा कि चार सेक्टरों में विभाजित यात्रा में तैनात अधिकारी और कर्मचारी भी अब ड्यूटी से लौट आएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App