पीयूष गोयल की एक नहीं, दो दादियों का है इतिहास, आज भी मौजूद है पुश्तैनी घर

By: Sep 27th, 2021 12:08 am

केंद्रीय मंत्री की दादी का सुबाथू से था गहरा रिश्ता, शहर में आज भी मौजूद है पुश्तैनी घर

कपिल गुप्ता – सुबाथू

हाल ही में हिमाचल पहुंचे केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग, खाद्य एंव सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सुबाथू से उनकी दादी का गहरा रिश्ता है और वह इस पवित्र भूमि के दर्शन करना चाहते हैं। ऐसे में सुबाथू छावनी के इतिहास में एक नई खोज उजागर हुई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की दादी कपूरी देवी का सुबाथू से गहरा रिश्ता था और वह भी सुबाथू छावनी में ही अपना लंबा वक्त गुजार चुकी हैं। वही, मंत्री पीयूष गोयल ने हिमाचल दौरे के दौरान अपनी दादी की वर्षोंं पुरानी यादों को बयान करते हुए दो बार सुबाथूू जाने की इच्छा भी प्रकट कर चुके हैं, लेकिन दादी के घर की पूरी जानकारी न होने या फिर शायद समय की कमी के कारण मंत्री पीयूष गोयल अपनी पैतृक जन्म भूमि के दर्शन करने से वंचित रह गए।

हिमाचल दौरे में लगातार उनके सुबाथू में दादी के होने का जिक्र आने के बाद उनकी एक नहीं, बल्कि दो दादियों का इतिहास सामने निकल कर आया है। इसकी पुष्टि मंत्री पीयूष गोयल की भाभी कुसुम गोयल ने खुद की है, जो इन दिनों पुणे में रहती हैं। उनकी भाभी कुसुम गोयल ने बताया कि पीयूष गोयल और उनके भाई कमल गोयल की सुबाथू में दो दादियां रहती थीं, जिनका नाम कपूरी देवी और धन्नी देवी था। उन्होंने बताया कि कपूरी देवी के बच्चों का जन्म होते ही उनका निधन हो जाता था, जिसके बाद ज्योतिषों ने शिशु जन्म लेते ही किसी ओर के घर में उन्हें पालने की बात कही। ऐसे में रडियाणा निवासी धन्नी देवी उनके घर में दूध दिया करती थी। कपूरी देवी ने अपने बड़े बेटे मोहन लाल गोयल को जन्म होते ही उनका पालन पोषण करने की जिम्मेदारी धन्नी देवी को सौंपी। धन्नी देवी के पोते देवराज तनवर ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच आज भी बातचीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि मंत्री पीयूष गोयल जब भी सुबाथू आना चाहें, उनकी दादी के घर में उनका स्वागत किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App