सेविंग अकाउंट में मिनिमम बैलेंस नहीं रखने पर पीएनबी ने वसूले 170 करोड़ 

By: Sep 22nd, 2021 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

खाते में मिनिमम बैलेंस न रखनेे पर बैंक पैसे काटकर रोजाना करोड़ों रुपए कमा रहे हैं। जी हां, ताजा जानकारी सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से आ रही है। इस बैंक ने बीते वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान बैंक खातों में न्यूनतम राशि (मिनिमम बैलेंस) नहीं रखने वाले ग्राहकों से शुल्क के रूप में 170 करोड़ रुपए वसूले हैं। दरअसल सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगी गई थी। इसकी जानकारी देते हुए बैंक बताया कि वित्त वर्ष 2019-20 में बैंक ने इस शुल्क के जरिए 286.24 करोड़ रुपए की राशि वसूलने का काम किया। बैंक किसी वित्त वर्ष में इस तरह का शुल्क तिमाही आधार पर लगाता है।

 बीते वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंक ने तिमाही औसत शेष शुल्क के रूप में 35.46 करोड़ रुपए वसूले थे। इस शुल्क की बात करें, तो यह बचत और चालू दोनों खातों पर लगाने का काम बैंक की ओर से किया जाता है। बीते वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बैंक ने इस तरह का कोई शुल्क नहीं लगाया। वहीं तीसरी और चौथी तिमाही में बैंक ने इस प्रकार के शुल्क के रूप में क्रमशः 48.11 करोड़ रुपए और 86.11 करोड़ रुपए वसूले गए। मध्य प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ ने आरटीआई के तहत बैंक से इस बारे में जानकारी मांगी थी। इसके अलावा बैंक ने बीते वित्त वर्ष में एटीएम शुल्क में रूप में 74.28 करोड़ रुपए एकत्रित किए। 2019-20 में बैंक ने इस शुल्क से 114.08 करोड़ रुपए की राशि जुटाई थी।

इतने पैसे में आ जाता 340 किलो सोना

यदि वर्तमान समय में सोने की कीमत पर नजर डालें तो यह करीब 48 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। इस अनुसार यदि 170 करोड़ रुपए का सोना खरीदा जाता, तो करीब 340 किलो से ज्यादा सोना खरीदा जा सकता है। यह बात सोचने वाली है कि छोटी-छोटी चीजों के पैसा काटकर बैंक कितना ज्यादा पैसे जमा कर लेते है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App