तीन एनएच, 209 सड़कें बंद, हिमाचल प्रदेश में लैंड स्लाइड का दौर जारी, बरसात दे रही गहरे जख्म

By: Sep 14th, 2021 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

हिमाचल में बारिश के बाद भू-स्खलन का दौर जारी है। इससे लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में रोजाना भू-स्खलन की घटनाएं हो रही हैं। सोमवार को राज्य में भू-स्खलन से तीन नेशनल हाई-वे और 209 सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित रहा। मंडी जोन में सर्वाधिक 109 सड़कें बंद रहीं। शिमला जोन में 82, कांगड़ा जोन में 11 और हमीरपुर जोन में सात सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। इसके अलावा शिमला जोन में दो और शाहपुर में एक नेशनल हाई-वे भी भू-स्खलन से बाधित हुआ। अवरुद्ध नेशनल हाई-वे और सड़कों को बहाल करने के कार्य में 168 जेसीबी, टिप्पर और डोजर लगाए गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक भू-स्खलन से राज्य में 25 ट्रांसफार्मर ठप हुए, वहीं 13 कच्चे मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

इनमें मंडी जिला में 10 और कांगड़ा, लाहुल-स्पीति व चंबा में एक-एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ। इसके अलावा 11 पशुशालाएं भी ध्वस्त हुईं। शिमला के रामपुर और किन्नौर के टापरी में दो पुल भी भू-स्खलन से धराशायी हो गए। रोहड़ू में टांगरू जांगलिक को जोडऩे वाल पुल भू-स्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया। किन्नौर को जोडऩे वाला नेशनल हाई-वे जगह-जगह अवरुद्ध हो गया है। सोमवार सुबह उरनी ढांक के पास सतलुज नदी के ऊपर बने पुल पर भारी-भरकम पत्थर गिरने से पुल को भारी क्षति हुई है। एनएच-5 पूरी तरह बंद हो गया है तथा प्रशासन ने सेब से लदे वाहनों को वाया चोलिंग-उरनी संपर्क मार्ग से डायवर्ट कर दिया है। उधर, कुल्लू जिला के नेहरू कुंड में भू-स्खलन से नेहरू कुंड-मनाली मार्ग अवरुद्ध हो गया है। राजधानी शिमला के बयोलिया में एक मकान का डंगा भरभराकर गिर गया। भू-स्खलन की इस घटना में मेैहली-शोघी बाइपास कई घंटों तक अवरुद्ध रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App