लदौड़ी के वीरेंद्र बने तटरक्षक बल मुख्यालय के अतिरिक्त महानिदेशक, 30 को संभालेंगे कार्यभार

By: Sep 28th, 2021 12:08 am

कार्यालय संवाददाता-नूरपुर

नूरपुर हलके की पंचायत लदौड़ी के निवासी वीरेंद्र सिंह पठानिया को रक्षा मंत्रालय ने दिल्ली में भारतीय तटरक्षक मुख्यालय का अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया है। पठानिया की नियुक्ति का आदेश सरकार ने बीते दिन जारी किया था और वह 30 सितंबर को कार्यभार संभालेंगे। पठानिया की नियुक्ति की खबर मिलते ही इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। भारतीय तटरक्षक मुख्यालय में पिछले अधिकारी के सेवानिवृत्त होने पर यह पद महीनों से खाली पड़ा था। पठानिया वर्तमान में विशाखापत्तनम में फोर्स के इस्टर्न सी बोर्ड के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर तैनात थे।

उन्होंने पिछले साढ़े तीन दशकों में विभिन्न कार्यों में संगठन की सेवा की है। वह नई दिल्ली में आईसीजी मुख्यालय में उप महानिदेशक नीति और योजनाओं का प्रभार भी संभाल चुके हैं। वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कालेज और नई दिल्ली में नेशनल डिफेंस कालेज के पूर्व छात्र रहे वीरेंद्र सिंह पठानिया एक कुशल हेलिकॉप्टर पायलट भी हैं। वन मंत्री राकेश पठानिया ने दिल्ली से दूरभाष पर बताया कि इलाके के लिए यह गर्व की बात है कि लदौड़ी गांव के वीरेंद्र सिंह पठानिया इस माह तटरक्षक बल मुख्यालय दिल्ली में अतिरिक्त महानिदेशक का पदभार संभालेंगे। उन्होंने कहा कि जब वीरेंद्र सिंह पठानिया अपने गांव आएंगे तो उनका गर्मजोशी से स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App