पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा

By: Oct 19th, 2021 12:55 am

टशी सोनम अध्यक्ष, आजाद प्रत्याशी को उपाध्यक्ष बनाकर लहराया लाहुल में भगवा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-केलांग
एक आजाद प्रत्याशी को अपनी तरफ मिलाकर भाजपा ने पंचायत समिति लाहुल की सत्ता पर कब्जा जमा लिया है। टशी सोनम अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीतने वाले राकेश सिंह उपाध्यक्ष बनें। एसडीएम एवं चुनाव अधिकारी प्रिया नागटा ने इसकी अधिकारिक घोषणा की है। जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मार्केंडेय ने पंचायत समिति के गठन के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई दी। गौरतलब है कि लाहुल घाटी में हाल ही में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव संपन्न हुए हैं। पंचायत समिति लाहुल के कुल 15 वार्डों में से सात में भाजपा, पांच में कांग्रेस और तीन में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।

भाजपा को पंचायत समिति पर कब्जा जमाने के लिए महज एक सदस्य की जरूरत थी। लिहाजा, त्रिलोकनाथ वार्ड से विजय हुए राकेश सिंह को अपनी तरफ करने में भाजपा सफल हो गई। केलांग में शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष पद के लिए टशी सोनम और विपिन कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए दलीप सिंह और राकेश सिंह चुनावी मैदान में उतरे। मतदान में भाजपा के टशी सोनम को आठ मत पड़े जबकि दूसरे खेमे से पर्चा दाखिल करने वाले विपन को सात मतों पर ही संतोष करना पड़ा। उपाध्यक्ष पद पर राकेश सिंह क ो आठ और दलीप सिंह को सात वोट मिले। तकनीकी शिक्षामंत्री रामलाल मार्कंडेय ने लाहुल में भाजपा की पंचायत समिति बनने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की जीत है। कुल मिलाकर भाजपा गदगद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App